16-Feb-2026
...


- सीएमओ ब्यावरा और सीएमओ खिलचीपुर को दी सख्त चेतावनी राजगढ़, ईएमएस l कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्‍ट्रेट सभागार में समय सीमा बैठक आयोजित की गई। आयोजित बैठक में मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान, संयुक्त कलेक्टर विरेन्‍द्र सिंह दांगी सहित संबंधित विभागीय प्रमुख उपस्थित रहे। आयोजित समय सीमा बैठक में सीएम हेल्‍पलाईन, सीएम मॉनिट, ई-ऑफिस सार्थक ऐप, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन आदि सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं, लंबित प्रकरणों एवं विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्‍टर डॉ. मिश्रा द्वारा बैठक में “संकल्प से समाधान” शिविरों के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए तथा सभी जिला एवं ब्लॉक अधिकारियों को शिविर स्थलों का अनिवार्य निरीक्षण कर लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आगामी दिशा बैठक की तैयारियों की भी समीक्षा की गई और सभी विभागों को समयबद्ध तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्‍होंने पंचायत स्तर पर नए राजस्व स्रोतों के सृजन हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश सभी मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को दिए गए। साथ ही एकल नल जल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। सीएम हेल्‍पलाईन की समीक्षा के दौरान सीएमओ ब्यावरा, सीएमओ खिलचीपुर, पीएचई एई एवं डब्ल्यूआरडी ईई को बॉटम एल 1 में निम्न प्रदर्शन पर सख्त चेतावनी दी गई। सीईओ जनपद राजगढ़ द्वारा संतुष्टिपूर्ण जवाब दर्ज न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई। 6 माह से नसबंदी उपरांत भुगतान लंबित रहने पर सीबीएमओ खुजनेर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बैठक में लंबित पेंशन प्रकरणों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। रेशम विभाग के कर्मचारियों द्वारा समय सीमा बैठक में उपस्थिति दर्ज नहीं कराई गई और न ही लंबित पेंशन प्रकरणों की जानकारी प्रस्तुत की गई, जिस पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने रेशम विभाग के सभी कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। ई-ऑफिस कार्यप्रणाली की समीक्षा में तहसीलदार ब्यावरा, आईटीआई राजगढ़ एवं अन्य विभाग जिनकी रिसीप्ट क्रिएशन कम पाई गई, उन्हें आगामी शुक्रवार को प्रशिक्षण हेतु बुलाने के निर्देश दिए गए। सभी विभागों को न्यूनतम 10 फाइल क्रिएशन एवं रिसीप्ट क्रिएशन सुनिश्चित करने तथा अगली समय सीमा बैठक में इसकी मॉनिटरिंग करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही कलेक्‍टर डॉ. मिश्रा द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाओं की व्‍यवस्‍था व तैयारियों के बारे में समस्‍त अनुविभागीय (राजस्‍व) अधिकारी, तहसीलदारों को निर्देशित किया गया एवं मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। कलेक्‍टर डॉ. मिश्रा द्वारा तहसीलदार सुठालिया को फाइल क्रिएशन में खराब प्रदर्शन पर नोटिस जारी करने एवं अधीनस्थ दो लिपिकों की एक-एक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। सुश्री पिंकी साहू सहायक ग्रेड-3 ब्यावरा द्वारा 25 दिनों से अधिक समय तक ई-ऑफिस में लॉगिन न करने पर एक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। बैठक में सार्थक एप के माध्यम से उपस्थिति की विभागवार एवं अधिकारीवार समीक्षा की गई। जिन अधिकारियों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उन्हें सुधार हेतु निर्देश दिए गए। पशु चिकित्सा विभाग की डॉ. सोनाली को सार्थक अटेंडेंस में निम्न प्रगति पाए जाने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जनहित एवं शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा आगामी बैठक में सभी बिंदुओं की सख्ती से समीक्षा की जाएगी। -निखिल /राजगढ़ /16/2/2026