गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात विधानसभा में आज से बजट सत्र की शुरुआत हुई। सत्र का आगाज़ राज्यपाल के अभिभाषण से हुआ, जिसके बाद उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया गया। ध्वनिमत से हुए मतदान में भाजपा के पूर्णेश मोदी बहुमत के साथ विधानसभा के नए उपाध्यक्ष चुने गए। इस चुनाव में कांग्रेस के शैलेष परमार को पराजय का सामना करना पड़ा। उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद पूर्णेश मोदी ने विधानसभा के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा उन्हें इस संवैधानिक पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया, इसके लिए वे आभारी हैं। सदस्यों द्वारा मत व्यक्त किए जाने के बाद संसदीय परंपरा के अनुसार उन्हें उपाध्यक्ष घोषित किया गया। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में गुजरात विकास की राजनीति में देश और दुनिया में अग्रणी रहे, इसके लिए सदन सुचारू रूप से चले और जनकल्याण के मुद्दों पर प्रभावी कार्य हो, इसके लिए वे प्रतिबद्ध हैं। वहीं कांग्रेस नेता शैलेष परमार ने भाजपा पर लोकतांत्रिक परंपराओं को तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में यह परंपरा रही है कि नेता प्रतिपक्ष, उपाध्यक्ष और लोक लेखा समिति (पीएसी) का पद विपक्ष को दिया जाता है, लेकिन भाजपा ने इस परंपरा को तोड़ दिया है। परमार ने कहा कि कांग्रेस को नेता प्रतिपक्ष का दर्जा नहीं दिया गया है और उपाध्यक्ष तथा लोक लेखा समिति का पद भी विपक्ष को नहीं सौंपा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा पेश किए जाने वाले बजट की जांच लोक लेखा समिति करती है, लेकिन भाजपा ने अपने कथित भ्रष्टाचार को उजागर होने से बचाने के लिए यह पद विपक्ष को नहीं दिया। कांग्रेस ने दावा किया कि यदि उपाध्यक्ष पद भी सत्तारूढ़ दल के पास रहेगा तो यह लोकतांत्रिक परंपराओं और सदन की निष्पक्षता के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। सतीश/16 फरवरी