क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


- बस से महिला के पर्स से सोने के जेवरात साफ गुना (ईएमएस) | ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को चुनौती देते हुए शातिर चोरों ने इंदौर-ग्वालियर इंटरसिटी एक्सप्रेस में एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इंदौर निवासी एक दंपत्ति जब शादी समारोह में शामिल होने ग्वालियर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनके ट्रॉली बैग से करीब 5 से 6 तोला वजनी सोने के आभूषण चोरी हो गए। वहीं जिले के म्याना से गुना के बीच चलने वाली एक यात्री बस में अज्ञात चोर ने एक महिला के पर्स से सोने के जेवरात साफ कर दिए। पीडि़ता ने म्याना थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। नींद का फायदा उठाकर वारदात प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी हेमेन्द्र सिंह जादौन निवासी इंदौर ने जीआरपी गुना को बताया कि वह गत दिवस को अपनी पत्नी नंदनी भदौरिया के साथ ट्रेन संख्या 11125 इंटरसिटी एक्सप्रेस के कोच एस-3 में यात्रा कर रहे थे। उज्जैन स्टेशन से निकलने के बाद उनकी नींद लग गई थी। रात करीब 1 बजे जब उनकी आंख खुली, तो उन्होंने देखा कि सामने वाली लोअर बर्थ पर करीब 35 से 40 साल का एक अज्ञात व्यक्ति बैठा हुआ था। इसके बाद हेमेन्द्र सिंह पुन: सो गए। गुना स्टेशन के पास खुली नींद, तो कटा मिला बैग रात करीब 3 बजे जब ट्रेन गुना स्टेशन के समीप पहुँच रही थी, तब हेमेन्द्र की नींद खुली। उन्होंने देखा कि सामने बैठा व्यक्ति गायब था। शक होने पर उन्होंने अपनी बर्थ के नीचे रखा ट्रॉली बैग चेक किया, तो उसके होश उड़ गए। शातिर चोर ने बैग की चैन खोलने के साथ-साथ उसे ऊपर से काट दिया था। बैग खोलकर देखने पर उसमें रखे सोने का हार, एक जोड़ी कान की ब्रज बाला, एक जोड़ी झुमके और दो अंगूठियां गायब थीं। ग्वालियर जीआरपी ने गुना डायरी भेजी फरियादी ने बताया कि वह ग्वालियर में एक शादी में शामिल होने जा रहे थे, इसलिए वहां पहुंचकर ग्वालियर जीआरपी में आवेदन दिया। चूंकि घटना गुना स्टेशन के आसपास की है, इसलिए ग्वालियर जीआरपी ने शून्य पर मामला दर्ज कर केस डायरी असल अपराध कायम करने हेतु गुना जीआरपी को भेज दी है। चोरी गए जेवरों का वजन करीब 5 से 6 तोला बताया जा रहा है। पुलिस अब हुलिए के आधार पर अज्ञात संदिग्ध की तलाश में जुट गई है। बस में भीड़ का फायदा उठाकर महिला के गहने पार इधर जिले के म्याना से गुना के बीच चलने वाली एक यात्री बस में अज्ञात चोर ने एक महिला के पर्स से सोने के जेवरात साफ कर दिए। पीड़िता ने म्याना थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादिया नंदनी जाटव निवासी सिरोंज (विदिशा) ने बताया कि वह म्याना स्थित अपने मायके आई हुई थी। गत विस वह वापस जाने के लिए म्याना चौराहा से सफेद रंग की बस क्रमांक एमपी 07-5171 में सवार हुई। बस में काफी भीड़ थी, जिसका फायदा उठाकर किसी अज्ञात बदमाश ने उसके पर्स की चैन खोल ली और अंदर रखी डिब्बी पार कर दी। उस डिब्बी में करीब दो तोला वजन का सोने का हार और नथ-बेंदी रखी थी, जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई जा रही है। जयस्तंभ पर उतरते ही चला पता जब बस गुना के जयस्तंभ चौराहे पर रुकी और पीड़िता नीचे उतरी, तब उसने देखा कि पर्स की चैन खुली हुई है और जेवरात गायब हैं। पीडि़ता ने तत्काल अपने परिजनों को सूचना दी और काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस की शरण ली। म्याना पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। - सीताराम नाटानी