नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में 18 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। हिमाचल-उत्तराखंड में अगले दो दिनों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। 21-22 फरवरी को दक्षिण तमिलनाडु और केरल में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले 24 घंटे में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 18 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। वहीं, मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली में सोमवार को इस वर्ष का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, शहर की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7.2 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटे में तापमान में 3.1 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जो अचानक बढ़ी गर्मी का संकेत है। इसी तरह, आयानगर में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 7.1 डिग्री ज्यादा है। लोधी रोड सहित अन्य वेधशालाओं में भी दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा। दक्षिण भारत में भी सप्ताह के अंत में 21-22 फरवरी को दक्षिण तमिलनाडु और केरल में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कर्नाटक के समुद्र तटीय इलाकों में 17 और 18 फरवरी को गर्म और नमी वाला मौसम रहने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे उमस भरी गर्मी महसूस हो सकती है। 18 फरवरी तक ओडिशा के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। कुल मिलाकर देशभर में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, जिससे कहीं बारिश तो कहीं गर्मी और कोहरे का असर देखने को मिलेगा। तापमान के रुझान पर नजर डालें तो उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 23 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद हल्की गिरावट आ सकती है और फिर तापमान लगभग स्थिर रहेगा। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन उसके बाद चार दिनों में धीरे-धीरे 23 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान लगभग सामान्य बना रहेगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/17/फरवरी/2026