नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रयागराज से दिल्ली के बीच यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पांच विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। 5 मार्च से शुरू हुई इन ट्रेनों से वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को राहत मिलेगी और सफर आसान होगा। प्रयागराज से दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। ट्रेनों में लगातार बढ़ती भीड़ और कन्फर्म टिकट न मिलने की समस्या को देखते हुए रेलवे ने इस रूट पर पांच स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इन विशेष ट्रेनों का संचालन 5 मार्च से शुरू कर दिया गया है, जिससे वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों को अलग-अलग दिनों में चलाया जाएगा और इनमें विभिन्न श्रेणियों के कोच लगाए गए हैं, ताकि हर वर्ग के यात्री अपनी सुविधा के अनुसार सफर कर सकें। कुछ ट्रेनों में एसी कोच अधिक रखे गए हैं, जबकि कुछ में स्लीपर और जनरल कोच की संख्या ज्यादा है। दिल्ली से वापसी में ये ट्रेनें सुबह 10:15 बजे रवाना होंगी और गाजियाबाद, दादरी, अलीगढ़, टूंडला, इटावा और गोविंदपुरी होते हुए शाम तक प्रयागराज पहुंचेंगी। रेलवे का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से त्योहार और छुट्टियों के दौरान बढ़ी भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।