राष्ट्रीय
17-Feb-2026
...


सांसद समेत 300 हाउस अरेस्ट, कई जिलों में रोके गए कांग्रेसी लखनऊ,(ईएमएस)। राजधानी लखनऊ में सोमवार को विधानसभा घेराव के ऐलान के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और विधायक आराधना मिश्रा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगाए गए बैरिकेड्स पर चढ़ गए। इस दौरान करीब एक घंटे तक धक्का-मुक्की और नारेबाजी का माहौल बना रहा। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को रोकने में पुलिस के पसीने छूट गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स और पीएसी के 500 से अधिक जवान तैनात किए गए। भारी मशक्कत के बाद पुलिस ने बैरिकेडिंग पर चढ़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को नीचे उतारा और अरेस्ट कर बसों में भरकर उन्हें ईको गार्डन भेज दिया। इस दौरान बैरिकेड से उतरते समय अजय राय का पैर फिसल गया और वे लड़खड़ा गए, हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें पकड़ते नजर आए। मनरेगा समेत अन्य मुद्दों को लेकर घेरा दरअसल, अजय राय ने मनरेगा, शंकराचार्य और माता अहिल्याबाई होल्कर से जुड़े मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव का आह्वान किया था। इस समय विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है, जिसे देखते हुए प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर था। कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और आसपास के इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। ट्रकों में भरकर पीएसी और आरएएफ के जवान मौके पर पहुंचे। सांसद तनुज हाउस अरेस्ट इधर, बाराबंकी से सांसद तनुज पुनिया समेत प्रदेशभर के 300 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। ये सभी लखनऊ पहुंचने के लिए रवाना हुए थे, लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही रोककर उन्हें वापस भेज दिया। रायबरेली में पुलिस से नोंकझोंक रायबरेली में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी की पुलिस अधिकारियों से नोकझोंक हुई। उन्होंने एक इंस्पेक्टर पर भाजपा के नाम पर गुंडई करने का आरोप लगाया। वहीं हरदोई में रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस के आठ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा। राजधानी समेत कई जिलों में हुई इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया है, जबकि प्रशासन का कहना है कि बजट सत्र के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। हिदायत/ईएमएस 17फरवरी26