राज्य
17-Feb-2026


भोपाल (ईएमएस)। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विधानसभा में वरिष्ठ विधायक अजय विश्नोई ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण बीते तीन वर्षों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों की विकासात्मक रूपरेखा प्रस्तुत करता है। उन्होंने प्रदेश में निवेश की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश जरूरी है। पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दो हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण कार्य जारी है, जिससे अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। अजय विश्नोई ने बताया कि बिजली उत्पादन के मामले में मध्यप्रदेश सरप्लस राज्य है। बिजली क्षेत्र में कई एमओयू किए गए हैं, जिससे भविष्य में उत्पादन क्षमता और बढ़ेगी। उन्होंने दावा किया कि शहरों और गांवों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि किसानों को खेतों के लिए 10 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाते हुए सभी शासकीय भवनों में सोलर पावर प्लांट लगाए जा रहे हैं। बीते कुछ सालों के दौरान प्रदेश ने विकास में नए आयाम स्थापित किए है। सुदामा नरवरे/17 फरवरी 2026