छह माह बाद टीम में हुई वापसी मुम्बई (ईएमएस)। सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिसबेन में 24 फरवरी से शुरू होने वाली तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज के लिए भारतीय टीम में वापसी हुई है। प्रतीका टखने की चोट के कारण पिछले काफी समय से टीम से बाहर चल रही थीं। उन्हें ये चोट पिछले साल अक्टूबर में हुए एकदिवसीय विश्वकप में बांग्लादेश के खिलाफ मैच में फील्डिंग करते समय लगी थी। इसके बाद उनकी जगह पर शेफाली वर्मा को शामिल किया गया था। भारतीय टीम ने तब विश्वकप जीता था। विश्कप में प्रतिका ने जबरदस्त प्रदर्शन कर 300 से अधिक रन बनाये थे। बीसीसीआई के अनुसार ‘महिला चयन समिति ने ऑस्ट्रेलिया की टीम के खिलाफ तीन मैच की एकदिवसीय सीरीज के लिए प्रतिका को टीम में शामिल किया है क्योंकि इस बल्लेबाज ने बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिहैबिलिटेशन पूरा कर लिया है और वह अब पूरी तरह से फिट हैं।’ ब्रिसबेन में पहले मैच के बाद एकदिवसीय सीरीज के अन्य दो मैच 27 फरवरी और एक मार्च को होबार्ट में खेले जाएंगे। वह पहले से ही पर्थ में छह मार्च से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में शामिल है। टीम इस प्रकार है : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, रेणुका ठाकुर, श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), काशवी गौतम, अमनजोत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देयोल और प्रतिका रावल। ईएमएस 17फरवरी 2026