सुपर-8 के लिए लय हासिल करना होगा लक्ष्य शाम सात बजे से शुरु होगा मैच अहमदाबाद (ईएमएस)। भारतीय टीम बुधवार को यहां नीदरलैंड के खिलाफ होने वाले टी20 विश्कप मैच में जीत का सिलसिला बनाये रखने उतरेगी। भारतीय टीम ने अब तक अपने सभी मैच जीते हैं और वह पहले ही सुपर आठ में पहुंच गयी है। ऐसे में उसके खिलाड़ियों का लक्ष्य इस मैच से अपनी लय को और बेहतर करना होगा। वहीं अब तक रन नहीं बना पाये सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का भी लक्ष्य बड़ी पारी खेलकर फार्म हासिल करना रहेगा। अभिषेक अभी तक खेले दोनो ही मैचों में अपना खाता नहीं खोल पाये थे। इसके अलावा अन्य बल्लेबाज भी सुपर आठ चरण से पहले स्पिन के खिलाफ अपनी तैयारियों का और पक्का करना चाहेंगे। वहीं पाकिस्तान के खिलाफ आक्रामक पारी खेलकर छाये हुए ईशान किशन इस बार भी अधिक से अधिक रन बनाना चाहेंगे। ईशान के अच्छे प्रदर्शन के कारण ही अब तक इस टूर्नामेंट में अभिषेक के असफल होने के बाद भी भारतीय टीम हर मैच जीती है। वहीं तिलक वर्मा भी अपने नाम के अनुरुप खेलते आये हैं। पाक के खिलाफ शुरुआती विकेट गिरने के बाद उन्होंने ईशान के साथ मिलकर पारी संभाली थी। दोनो के बीच एक अच्छी साझेदारी हुई। ऑलराउडर शिवम दुबे और रिंकू सिंह ने भी पाकिस्तन के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी की। ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या बल्लेबाजी में तो असफल रहे पर गेंदबाज में उन्होंने शुरुआती विेकेट लेकर कमी पूरी कर दी। पाक के खिलाफ बड़ी पारी नहीं खेल पाये कप्तान सूर्यकुमार यादव भी इस मैच में बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। भारतीय गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव का प्रदर्शन प्रभावी रहा है जो ये इस मैच में भी बरकरार रखना चाहेंगे। वहीं अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ मैच में भारतीय बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल पाये थे ऐसे में भारतीय टीम नीदरलैंड को कम आंकने की भूल नहीं करेगी। नीदरलैंड के गेंदबाजी आक्रमण में बहुत अच्छे स्पिनर नहीं हैं पर फिर भी भारतीय बल्लेबाजों को सावधान रहना होगा। नीदरलैंड की स्पिन आक्रमण में आर्यन दत्त और रोएलॉफ वैन डेर मेरवे शामिल है जो भारतीय बल्लेबाजों के सामने परेशानी खड़ी करने का प्रयास करेंगे। भारत इस मैच सुपर आठ से पहले कुछ गेंदबाजों को आराम दे सकता है, जिसमें तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी शामिल हैं।इस मैच में भारत दो विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकता है। अगर बुमराह को आराम दिया जाता है तो मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह को के अंतिम एकादश में जगह मिल सकती है। ऐसे में स्पिन विभाग की जिम्मेदारी वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल के पास रहेगीहैं। नीदरलैंड की टीम इस मैच में बेहतर बल्लेबाजी और गेंदबाजी करना चाहेगी। नामीबिया पर जीत के बाद पिछले मैच में उसे अमेरिका से करारी हार मिली थी जिससे वह उबरना चाहेगी। दोनो ही टीमें इस प्रकार हैं: भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह। नीदरलैंड: स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), कॉलिन एकरमैन, नोआ क्रोज़, बास डी लीडे, आर्यन दत्त, फ्रेड क्लासेन, काइल क्लेन, माइकल लेविट, ज़ैक लायन-कैशेट, मैक्स ओडोव्ड, लोगान वैन बीक, टिम वैन डेर गुगटेन, रूलोफ वैन डेर मेरवे, पॉल वैन मीकेरेन, साकिब जुल्फिकार। गिरजा/ईएमएस 17 फरवरी 2026