नई दिल्ली,(ईएमएस)। माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर और अरबपति बिल गेट्स, इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 में शामिल नहीं हो रहे है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक उनका नाम इवेंट की ‘ग्लोबल विजनरीज’ सूची से गायब है। दरअसल गेट्स हाल ही में जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों में नाम आने को लेकर विवादों में रहे हैं, जिससे उनकी गैरमौजूदगी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, सरकारी सूत्रों ने बताया किया कि वे अनावश्यक कारणों से ही समिट का हिस्सा नहीं हैं। इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 या इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहा है। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया, जिसमें उन्होंने नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं और प्रौद्योगिकी उत्साही लोगों की भागीदारी को भारतीय प्रतिभा और नवाचार की शक्ति का परिचायक बताया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत में एआई की प्रगति न केवल देश के लिए परिवर्तनकारी समाधान लाएगी, बल्कि वैश्विक विकास में भी योगदान करेगी। यह पांच दिन चलने वाला समिट है, जिसमें 100 से अधिक सरकारी प्रतिनिधि, 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख, 60 मंत्री और उप-मंत्री, साथ ही 500 से अधिक वैश्विक एआई लीडर्स जैसे सीईओ, संस्थापक और शोधकर्ता शामिल हैं। समिट का प्रमुख आकर्षण तीन वैश्विक प्रभाव चुनौतियां हैं: एआई फॉर ऑल, एआई बाय हर, और युवाआई, जिनमें 60 से अधिक देशों से 4,650 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और उद्योग नेताओं द्वारा किए गए गहन मूल्यांकन के बाद, तीनों श्रेणियों में शीर्ष 70 टीमों को फाइनलिस्ट चुना गया। ये टीमें 16 और 17 फरवरी को भारत मंडपम और सुषमा स्वराज भवन में भव्य समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में अपने समाधान पेश करेंगी। आशीष दुबे / 17 फरवरी 2025