निडर होकर खेल रहे बल्लेबाज कोलंबो (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने जिस प्रकार श्रीलंकाई टीम की बल्लेबाजी को बेहतर बनाया है। उसके लिए उनकी जमकर तारीफ हो रही है। राठौर जब से टीम के बल्लेबाजी कोच बने हैं हालात बदले हैं। श्रीलंकाई बल्लेबाज पथुम निशंका ने जिस प्रकार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाया है उससे ये बात साबित हुई है। उनके मार्गदर्शन में बल्लेबाज निडर होकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और खेल के प्रति उनका रवैया भी बदल रहा है। श्रीलंकाई क्रिकेट ने अपने बल्लेबाजी क्रम में स्थिरता और आक्रामकता लाने के लिए ही राठौर को अपने साथ जोड़ा है। राठौर को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने टी20 विश्व कप के लिए टीम को तैयार करने का काम दिया था। जिस तरह से श्रीलंका ने अभी तक विश्व कप में खेला है वो दिखाता है कि राठौर के आने के बाद टीम काफी बेहतर हुई है। निशंका की बल्लेबाजी में बदलाव का के पीछे भी राठौर की रणनीतियों को बताया गया है। निशंका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केवल 52 गेंदों में ही 100 रन लगा दिया था। इस दौरान उन्होंने जमकर चौके और छक्के लगाये। राठौर ने निशंका को पारंपरिक खेल से हटकर नये शॉट्स खेलने के लिए प्रेरित किया जिससे की अधिक से अधिक रन बनें। इसका असर भी दिख रहा है। निशंका का टी20 विश्व कप 2026 में अब तक का स्ट्राइक रेट 192.3 रहा है, जो उनके पहले के आंकड़ों से काफी अच्छा है। . श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने भी माना है कि राठौर ने टीम में एक ऐसी मानसिकता पैदा की है जहाँ खिलाड़ी अपने अनुसार खेलने के लिए आजाद मानते हैं। . शनाका के अनुसार, राठौर हमेशा चाहते हैं कि बल्लेबाज आक्रामक रुख रखें। जिससे गेंदबाजों पर दबाव बनाया जा सके। गौरतलब है कि राठौर साल 2019 से 2024 तक भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच रहे हैं, जहाँ उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के साथ काम किया। उनका यह अनुभव श्रीलंकाई बल्लेबाजों को दबाव की स्थितियों में शांत रहने और बड़े शॉट खेलने में मदद कर रहा है। गिरजा/ईएमएस 18 फरवरी 2026