भोपाल,(ईएमएस)। आज बुधवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं वित्ती मंत्री जगदीश देवड़ा ने वर्ष 2026-27 का बजट विधानसभा में पेश किया। इससे पहले देवड़ा घर में पूजा-अर्चना की। तिलक लगाया और दही खाकर विधानसभा के लिए चल दिए। मध्य प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि सीएम मोहन यादव के नतृत्व में बजट पेश किया जाएगा. यह बजट जनता के लिए है और पूरी तरह से जनता को समर्पित है। बजट महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों को ध्यान में रखकर पेश किया जाएगा, यह एक बेहतर और उन्नत बजट होगा। जनता के सुझावों को ध्यान में रखकर बनाया बजट मध्य प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बजट पेश करने से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विधानसभा में आज बजट प्रस्तुत होगा। यह बजट सर्वस्पर्शी होगा और जनता का होगा। नारी, युवा, किसान और गरीब को आधार मानकर वित्त वर्ष 26-27 का बजट पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में काफी निवेश आया है। यह साल किसान कल्याण वर्ष का है। बजट में कोशिश की गई है कि किसान आत्मनिर्भर बने। जनता से हमने सुझाव आमंत्रित किए थे। बड़ी संख्या में आम जनता से अच्छे सुझाव आए हैं। विशेषज्ञों और प्रबुद्धजनों से संवाद किया गया है। जनता, व्यापारी क्या चाहते हैं, यह जानने की कोशिश की गई है। हमने सुझावों को भी बजट में शामिल किया है। वित्त मंत्री ने कहा कि बजट जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगा। कर्ज को लेकर उप मुख्यमंत्री ने दिया दो टूक जवाब वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने आगे कहा कि महंगाई को लेकर केंद्र और राज्य सरकार दोनों गंभीर हैं। बजट से सभी लोगों को राहत मिलेगी। देवड़ा ने बताया कि एमपी में कर्ज नहीं निवेश है। पूंजीगत कार्यों के लिए कर्ज लिया जाता है। ऐसा कोई प्रदेश नहीं है, जिसने कर्ज लेकर काम नहीं किया हो। हम समय पर ब्याज देते हैं और कर्ज चुकाते हैं। कर्ज लिमिट में है। कांग्रेस सरकार ने कर्ज लेकर वेतन भत्ते में खर्च किया, जबकि बीजेपी की सरकार ने पूंजीगत व्यय में खर्च किया। वित्त मंत्री देवड़ा ने आगे कहा कि पहले जीरो बजटिंग के हिसाब से बजट था। अब रोलिंग बजट के हिसाब से हमने प्रयोग किया है। बजट के जरिए 3 साल आगे तक का रोडमैप तैयार किया है, जिसका वित्तीय प्रबंधन में लाभ मिलेगा। कैबिनेट में आज नई आबकारी नीति आ सकती है। सीएम ने वित्त मंत्री को दी शुभकामनाएं बजट पेश होने से पहले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल साइट एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा, आज प्रस्तुत होने वाला वर्ष 2026-27 का बजट मध्य प्रदेश की समृद्धि का सूर्योदय है। निश्चय ही जनआकांक्षाओं को नई अभिव्यक्ति देने वाला यह गरीब के विश्वास, युवा के भविष्य, अन्नदाता की समृद्धि और नारी सशक्तिकरण के संकल्प की उन्नत दिशा तय करेगा। सबका साथ-सबका विकास के मंत्र और अंत्योदय के भाव के साथ यह बजट विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के अभ्युदय का साक्षी बनेगा। वीरेंद्र/ईएमएस/18फरवरी2026 -----------------------------------