कोरबा (ईएमएस) कोरबा मेंगत रात्रि एक भीषण सड़क हादसा होते-होते रह गया। जानकारी के अनुसार मानिकपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत घंटाघर मिनीमाता महाविद्यालय मुख्य मार्ग पर मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में धुत युवकों की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गयी। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कार के एयरबैग खुल गए, जिससे चालक और उसके साथी की जान बाल-बाल बच गई। - हादसे के बाद सबूत मिटाने का आरोप बताया जा रहा हैं की कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि डिवाइडर से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आरोप हैं की हादसे के तुरंत बाद कार सवार युवक बाहर निकले। पुलिस की कार्यवाही से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए युवकों ने सबसे पहले कार की नंबर प्लेट उखाड़ दी। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि युवक नशे की हालत में थे और पकड़े जाने के डर से सबूत मिटाने की कोशिश कर रहे थे। - एयरबैग ने बचाई जान टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यदि कार में सुरक्षा एयरबैग न होते, तो बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। एयरबैग ने युवकों को डैशबोर्ड और स्टीयरिंग से टकराने से बचा लिया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसे देखकर युवक वहां से भागने की कोशिश करने लगे। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर युवकों की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय निवासियों ने शिकायत की है कि इस मार्ग पर रात के समय नशे में गाड़ी चलाना एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है। 18 फरवरी / मित्तल