18-Feb-2026
...


जबलपुर (ईएमएस)। गढा थानांतर्गत एक टिम्बर कारोबारी को एक जालसाज ने टाल खोलने के नाम पर झांसा देकर 70 लाख रूपए हड़प लिए। बाद में जब टिम्बर व्यवसायी ने शक होने पर छानबीन की तो आरोपी व्यक्ति द्वारा कई लोगों के साथ धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी मिली । इसके बाद परेशान व्यवसायी ने इस मामले की रिपोर्ट पुलिस से की है। इस संबंध में गढ़ा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को गढ़ा निवासी संस्कार जैन ने लिखित शिकायत की कि लकड़ी के टाल का काम करता है। उसकी टाल गंगासागर में अरिहन्त टिम्बर नाम से है। उसने बताया कि भारत कालोनी निवासी शुभम गुप्ता कोचिंग चलाता था, जिस कारण उससे जान पहचान थी। शुभम गुप्ता ने 10 सितम्बर 2024 को मेरे घर आकर बताया कि वह व्यापारी है ओर कई व्यापार कर चुका हूँ। उसने यह भी बताया कि वह लकडी का काम भी कर चुका है और अब अपनी टाल खोलना चाहता है। तुम चाहो तो उस टाल में इनवेस्ट कर दो। मुनाफे में तुमको आधा हिस्सा दे दूँगा। इस पर मैने कहा कि ठीक है। उसने मुझसे 50 लाख रुपये माँगे। मैने कहा कि मेरे पास इतने रुपये नही है तो बोला कि तुम कही से भी जुगाड करवा दो। जैसे ही टाल खुल जायेगी तो मुनाफे में आधा हिस्सा तुम्हारा भी रहेगा। शुभम बोला कि अपने किसी परिचित को भी टाल में हिस्सेदार बनाना चाहो तो बना लो तब उसनेे अपने दोस्त आशीष जैन निवासी पुरवा जैन मंदिर के पास थाना गढा को बोला तो वह भी हिस्सेदार बनने तैयार हो गया। शुभम गुप्ता के धोखे में आकर आनलाइन यूपीआई, आईएमपीएस, आरटीजीएस व नगद के माध्यम से करीब 70 लाख रुपये शुभम गुप्ता को दिये। इसके बाद शुभम को कई बार बोला कि टाल कब खोल रहे हो तो शुभम हमेशा टालमटोली करता रहा। शक होने पर जब पैसे वापस करने की बात की तो वह मुकर गया। व्यवसायियों ने पुलिस को बताया कि शुभम गुप्ता इसी प्रवृत्ति का व्यक्ति है, उसने उसके अलावा अन्य भी कई लोगो से धोखाधड़ी कर रुपये हडपे है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश आरंभ कर दी है। .../ 18 फरवरी /2026