अहमदाबाद (ईएमएस)| दक्षिण गुजरात के नवसारी जिले में भारतीय जनता पार्टी के भीतर घमासान तेज हो गया है। जलालपोर तालुका से शुरू हुआ असंतोष अब नवसारी तालुका संगठन तक फैल गया है। नवसारी तालुका भाजपा अध्यक्ष रवि सोनी समेत 8 पदाधिकारियों ने आज पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही जिले में अब तक कुल 46 भाजपा पदाधिकारियों के इस्तीफे हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि जलालपोर और जिला भाजपा संगठन के बीच चल रहे मतभेदों के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। नवसारी तालुका के पदाधिकारियों को आशंका है कि इस आंतरिक खींचतान का असर आगामी तालुका, जिला पंचायत और महानगर पालिका चुनावों पर पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार, नवसारी जिला भाजपा के नए संगठन गठन के बाद जलालपोर तालुका मंडल के नेता को महामंत्री पद नहीं मिलने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई थी। इसी के विरोध में पहले जलालपोर तालुका भाजपा संगठन के सभी पदाधिकारियों और नवनियुक्त जिला टीम के सदस्यों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया था। दो दिन पहले जलालपोर तालुका पंचायत की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष हिरेन पटेल सहित 6 सदस्यों— निलेश पटेल, चेतना पटेल, क्रिष्णा टंडेल, प्रकृति पटेल और धर्मेश पटेल— ने भी अपने पद से इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जलालपोर भाजपा के साथ वर्षों से अन्याय हो रहा है। अब तक नवसारी जिला भाजपा या प्रदेश भाजपा की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि जलालपोर से और भी इस्तीफे आने की संभावना बनी हुई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि जल्द ही संगठनात्मक स्तर पर समाधान नहीं निकाला गया, तो इसका सीधा असर आने वाले स्थानीय चुनावों पर पड़ सकता है। सतीश/18 फरवरी