- आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम, मोटर और पाइप भी जले ब्यावरा, ईएमएस l बीती रात को नगर के समीप ग्राम बेलास में एक खेत में आग लगने से ग्रामीण की पूरी फसल जलकर राख हो गई। इस आगजनी में सिंचाई के लिए रखे पाइप और मोटर भी जलकर नष्ट हो गए। पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते आग लगाने वाले आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलास निवासी कृष्णा सोंधिया (20) के खेत में बीती रात आरोपी ब्रज सोंधिया ने आग लगाई। यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते होना बताई जा रही है । आग से खेत में काटने के बाद रखी रायड़े की पूरी फसल नष्ट हो गई। सिंचाई के लिए रखेपाइप और मोटर भी जल गए। बताया जा रहा है कि आरोपी फरियादी से नातरा झगड़े के नाम पर करीब 10 लाख रुपये की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कृष्णा सोंधिया और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक पूरी फसल जल चुकी थी। फरियादी कृष्णा सोंधिया ने सिटी पुलिस थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि फरियादी की शिकायत पर आरोपी ब्रज सोंधिया के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। -निखिल/ब्यावरा/18/2/2026