राष्ट्रीय
18-Feb-2026
...


पलवल,(ईएमएस)। हरियाणा के पलवल में मौजूद केएमपी (कुंडली-मानेसर-पलवल) एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पोलैंड के एक नागरिक और आगरा निवासी टैक्सी चालक की मौत हुई , जबकि पोलैंड की युवती गंभीर रूप से घायल है। हादसा सुबह करीब साढ़े छह बजे हुआ। मिली जानकारी के अनुसार एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक खराब होने के कारण खड़ा था। तभी पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने आगे चल रही टैक्सी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर आगे खड़े खराब ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि पोलैंड से भारत घूमने आए दोनों विदेशी नागरिक गुरुग्राम स्थित हयात होटल से आगरा के लिए निकले थे। वे ताजमहल देखने जा रहे थे। टैक्सी आगरा निवासी नफीस चला रहा था। हादसे में पोलैंड के पुरुष पर्यटक और टैक्सी चालक नफीस की मौके पर ही मौत हुई। जबकि पोलैंड की युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत नाजुक है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। आशीष दुबे / 18 फरवरी 2026