राष्ट्रीय
18-Feb-2026
...


जयपुर, (ईएमएस)। राजस्थान की राजधानी जयपुर के प्रमुख सरकारी अस्पताल स्वामी मान सिंह (एसएमएस) में बुधवार को हुई बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। ट्रोमा सेंटर के ऑपरेशन थिएटर के पास बने वेटिंग वार्ड में पानी भर जाने से कम से कम तीन मरीजों के ऑपरेशन रद्द करने पड़ गए। मरीजों और परिजनों ने विरोध जताया, लेकिन उनका आरोप है कि मौजूद स्टाफ ने उन्हें डांटकर वहां से भगा दिया। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे जयपुर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इसी दौरान एसएमएस ट्रोमा सेंटर की दूसरी मंजिल पर बने ऑपरेशन थिएटर के बाहर स्थित वेटिंग एरिया में छत की फॉल सिलिंग से पानी टपकना शुरू हो गया। कुछ ही देर में कई जगहों से तेज धार के साथ पानी गिरने लगा, जिससे पूरे वार्ड के फर्श पर पानी भर गया। वार्ड में मौजूद मरीज और उनके परिजन पानी से बचने के लिए ट्रॉली और बैड इधर-उधर खींचते नजर आए। स्थिति बिगड़ती देख डॉक्टरों ने एहतियातन आगे होने वाले ऑपरेशन रोक दिए। दौसा जिले के सिकराय क्षेत्र की एक बुजुर्ग महिला, जिनकी जांघ की हड्डी में फ्रैक्चर था, सुबह से ऑपरेशन के इंतजार में थीं। उनका ऑपरेशन दोपहर एक बजे निर्धारित था, लेकिन जलभराव के कारण उन्हें बिना सर्जरी के वापस लौटना पड़ा। महिला के पोते सागर ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने स्टाफ से ऑपरेशन करने का आग्रह किया तो बहस हो गई और उन्हें डांटकर वहां से हटा दिया गया। बताया जा रहा है कि कुल तीन मरीजों को इंतजार के बाद वापस भेजा गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह पहली बार नहीं है जब एसएमएस अस्पताल में बारिश के कारण ऐसी स्थिति बनी हो। इससे पहले ट्रोमा सेंटर के आईसीयू वार्ड में भी पानी भरने की घटना सामने आ चुकी है, जिसके चलते 10 से अधिक मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट करना पड़ा था। पिछले महीने मुख्य भवन में बने नव-निर्मित आईसीयू में भी जलभराव की समस्या आई थी, जिसके बाद मरम्मत कार्य कराया गया था। हिदायत/ईएमएस 18फरवरी26