शिमला,(ईएमएस)। हिमाचल में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने कहा है कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की बातों में जरा भी गंभीरता नहीं दिखाती है। दिल्ली में जाकर प्रदेश के पैसे रुकवाने के जो आधारहीन आरोप उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने उन पर सदन में लगाए हैं, यह गंभीर बात है। नेता विपक्ष जयराम ने कहा कि मुकेश इस संबंध में सुबूत सामने लाएं, मैं विचार कर रहा हूं कि इसके बाद मुकेश पर विशेषाधिकार हनन का मामला बनता है। उन्होंने कहा कि भाजपा आरडीजी के विषय को अपने स्तर पर उठा रही है तथा केंद्र सरकार से मिलने को लेकर पार्टी स्तर पर निर्णय होगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को प्रदेश हित की चिंता कांग्रेस से कहीं अधिक है। केंद्र की मोदी सरकार से उदार वित्तीय मदद मिलने के बावजूद कांग्रेस के नेता के मुंह से आभार के दो शब्द तक नहीं निकलते। बीजेपी नेता जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू सहित कई नेता अपने लिए चुनाव लड़ने की जगह नहीं बना पा रहे हैं। खुद मुख्यमंत्री की नादौन में हालत खराब है, इसलिए वह देहरा की तरफ रुख कर रहे थे लेकिन वहां पर पहले से ही नो एंट्री का बोर्ड लगा दिया गया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के भी आगामी चुनाव लड़ने को लेकर असमंजस की स्थिति है। कांग्रेस के कई विधायकों का भी यही हाल है। कांग्रेस पार्टी के नेताओं में बयान देने की होड़ चल रही है। मंत्री और विधायक मर्यादाएं तोड़कर बयान दे रहे हैं। झूठे आरोप लगाकर बदजुबानी कर रहे हैं। एक विधायक द्वारा सदन में अधिकारियों की मनमानी की चर्चा की गई। हिमाचल में प्रशासनिक अधिकारियों ने कांग्रेस सरकार की नस पकड़ ली है और सत्ता पक्ष के भी ज्यादातर विधायक अधिकारियों से त्रस्त हैं। आशीष दुबे / 18 फरवरी 2026