- सुबह 11 बजे निकले थे घर से, दोपहर 3 बजे कुएं में मिली लाश राजगढ़, ईएमएस l जिले के सारंगपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोटिया में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां बेटे की शादी के दूसरे दिन पिता का शव खेत में स्थित कुएं से बरामद हुआ। मंगलवार को हुई इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक की पहचान 55 वर्षीय कन्हैयालाल मालवीय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, लोटिया निवासी कमल मालवीय की शादी सोमवार को धूमधाम से संपन्न हुई थी। विवाह समारोह में रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मौजूदगी से घर में उत्सव का माहौल था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे पिता कन्हैयालाल मालवीय घर से खेत की ओर गए थे। बताया जा रहा है कि वे खेत पर स्थित कुएं के पास गए थे। दोपहर करीब 3 बजे तक जब कन्हैयालाल घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास तलाश शुरू की। बाद में ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर परिजन और ग्रामीण कुएं के पास पहुंचे। वहां कुएं के अंदर कन्हैयालाल का शव दिखाई दिया, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल लीमाचौहान पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर यह मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन बेटे हैं, जिनमें से सबसे छोटे बेटे की शादी सोमवार को हुई थी। -निखिल /राजगढ़/18/2/2026