क्षेत्रीय
18-Feb-2026
...


- भगवान विटठल और माता रुकमणी के चांदी के मुकुट सहित गेहूं की बोरियां चोरी गुना (ईएमएस)। जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीनागंज में चोरों ने एक पवित्र देवालय को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। टोड़ी रोड स्थित ग्रीन वैली स्कूल के पास बने विटठलेश्वर महादेव मंदिर से अज्ञात चोर चांदी के मुकुट और अनाज चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है। ताले तोडक़र मंदिर में दाखिल हुए चोर फरियादी चन्द्रेश नामदेव ने पुलिस को बताया कि उन्होंने करीब पांच साल पहले इस मंदिर का निर्माण कराया था, जहां भगवान विटठल और माता रुकमणी की प्रतिमाएं प्रतिष्ठित हैं। मंदिर की सेवा के लिए नियुक्त पुजारी कान्हा शर्मा गत रात 10 बजे मंदिर के पट बंद कर घर गए थे। अगले दिन सुबह 6 बजे जब पुजारी मंदिर पहुंचे, तो मुख्य द्वार और मंदिर के गर्भगृह के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो भगवान विटठल और माता रुकमणी के मस्तक पर सुशोभित चांदी के प्राचीन मुकुट गायब थे। नगदी और अनाज पर भी साफ किया हाथ चोरों ने न केवल चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किया, बल्कि मंदिर की दान पेटी का ताला तोडक़र नगदी और वहां रखे 50-50 किलो के गेहूं के तीन कट्टे भी पार कर दिए। चोरी गए आभूषणों और अनाज की कुल कीमत लगभग 50 से 60 हजार रुपये बताई जा रही है। पुजारी की सूचना पर पहुंचे चन्द्रेश नामदेव ने चांचौड़ा थाने में अज्ञात चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।। - सीताराम नाटानी