- एक घंटे के रेस्क्यू के बाद सुरक्षित बाहर निकाला राजगढ़, ईएमएस l जिले के सारंगपुर क्षेत्र के दराना गांव में मंगलवार दोपहर एक गोवंश 10 फीट गहरे कच्चे कुएं में गिर गया। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह घटना जितेंद्र नागर के खेत में बने कुएं में हुई। खेत पर काम कर रहे लोगों ने गोवंश को कुएं में गिरा देखा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल स्थानीय ग्रामीणों को सूचित किया और पुलिस सहायता के लिए संपर्क किया। सूचना मिलते ही लीमा चौहान थाना की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची। जहां चालक राजेंद्र प्रजापति और आरक्षक पवन शर्मा ने स्थिति का जायजा लिया। कुआं कच्चा और संकरा होने के कारण गोवंश को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। गोवंश को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई। इस दौरान पूर्व सरपंच राजेश नागर, बद्री लाल नागर और जितेंद्र नागर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सभी ने मिलकर राहत कार्य में सक्रिय सहयोग दिया। लगभग एक घंटे तक चले इस अभियान के बाद गोवंश को सकुशल कुएं से बाहर निकाल लिया गया। घटना के दौरान गोवंश को हल्की चोटें आईं, लेकिन उसकी स्थिति सुरक्षित बताई जा रही है। ग्रामीणों ने डायल 112 टीम और सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रयासों की सराहना की। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने खुले और कच्चे कुओं के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। -निखिल /राजगढ़/18/2/2026