- नरसिंहगढ़ और बैरसिया के मध्य पार्वती नदी पर नवीन पुल निर्माण हेतु मिले रु 22 करोड़ ब्यावरा, ईएमएस l बुधवार को विधानसभा में प्रस्तुत मध्य प्रदेश के बजट 2026-27 में ब्यावरा विधानसभा को आधारभूत संरचना के क्षेत्र में बड़ी सौगातें प्राप्त हुई हैं। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार के सतत प्रयासों एवं सक्रिय पहल के परिणामस्वरूप क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। जिनमें प्रमुख स्वीकृतियां नरसिंहगढ़ एवं बैरसिया के मध्य पार्वती नदी पर नवीन पुल निर्माण हेतु 22 करोड़ रूपये, ब्यावरा नगर में सुठालिया रोड के उन्नयन एवं चौड़ीकरण हेतु 15 करोड़ रूपये, पीपल चौराहा से राजगढ़ बायपास तक सड़क चौड़ीकरण एवं उन्नयन हेतु 4.50 करोड़ रूपये शामिल है। ब्यावरा विधानसभा के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार एवं नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा के संयुक्त प्रयासों से नरसिंहगढ़ - बैरसिया मार्ग पर पार्वती नदी के ऊपर नए पुल के निर्माण को इस बजट में स्वीकृति मिली है। उल्लेखनीय है कि विधानसभा क्षेत्र ब्यावरा, बैरसिया एवं नरसिंहगढ़ की सीमा पर स्थित इस मार्ग पर बना पुराना पुल गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद से आवागमन पूर्णतः बंद है। इससे हजारों नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। यह मार्ग न केवल ब्यावरा, बल्कि पचोर, नरसिंहगढ़, जीरापुर एवं विदिशा जैसे निकटवर्ती क्षेत्रों के किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आमजन की दैनिक जीवनचर्या तथा व्यापारिक गतिविधियों से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ा हुआ है। ऐसे में 22 करोड़ रूपये की स्वीकृति क्षेत्र के लिए अत्यंत राहतकारी और विकासोन्मुख कदम माना जा रहा है। -ब्यावरा नगर का यातायात हो जाएगा सुगम ब्यावरा नगर में भी यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। पीपल चौराहा से राजगढ़ बायपास तक सड़क का चौड़ीकरण एवं उन्नयन एवं सुठालिया रोड का उन्नयन एवं चौड़ीकरण आदि। इन मार्गों पर प्रतिदिन भारी यातायात का दबाव रहता है, जिससे आवागमन में बाधा, जाम की स्थिति एवं नागरिकों को असुविधा होती है। सड़क उन्नयन कार्य से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि नगर सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित शहरी विकास को भी गति मिलेगी। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि विधानसभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 दूरदर्शी एवं जनकल्याणकारी है। उन्होंने इसे प्रदेश का पहला ‘रोलिंग बजट’ बताते हुए कहा कि यह सतत विकास और दीर्घकालिक योजना का मजबूत आधार तैयार करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘GYAN’ (गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति) के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश सरकार ने ‘I’ (इंफ्रास्ट्रक्चर एवं इंडस्ट्री) जोड़कर ‘GYANII’ की अवधारणा को साकार किया है। 4,38,317 करोड़ रूपये का यह बजट प्रदेश को आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। ‘विकसित भारत 2047’ के विजन के अनुरूप तैयार यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, युवाओं को नए अवसर प्रदान करने, किसानों को मजबूती देने तथा आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने का मार्ग प्रशस्त करेगा। अंत में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने ब्यावरा विधानसभा को इन महत्वपूर्ण सौगातों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उपमुख्यमंत्री व वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र, संतुलित एवं तीव्र विकास के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। -निखिल /ब्यावरा/18/2/2026