मुरैना ( ईएमएस ) | प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पी.एम.के.वी.वाई.) 4.0 के अंतर्गत युवाओं के कौशल प्रमाणन एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण हेतु शासकीय आईटीआई मुरैना में निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। यह योजना युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर बेहतर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार शासकीय आईटीआई मुरैना के प्राचार्य ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्लास्टिक रीसाइक्लिंग माइक्रो इंटरप्रेन्योर तथा टेलिकॉम ई-वेस्ट हैंडलर मॉड्यूल में निःशुल्क प्रशिक्षण 28 फरवरी से प्रारंभ होगा। इस प्रशिक्षण का लाभ कक्षा 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण, आईटीआई एवं डिप्लोमा धारक, स्कूल ड्रॉपआउट तथा बेरोजगार युवा स्किल इंडिया पोर्टल पर पंजीयन कर प्राप्त कर सकते हैं।