अशोकनगर (ईएमएस) । बुधवार को कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा मुंगावली क्षेत्र का भ्रमण कर स्कूल, आंगनबाड़ी, परीक्षा केन्द्र एवं तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होने नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। लोक सेवा केन्द्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लोक सेवा केन्द्र में पहुंचकर आधार अपडेशन, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, मूल निवासी एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के प्रकरण निर्धारित समय सीमा में तैयार किए जाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि लोक सेवा केन्द्र पर आने वाले आवेदकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान समय पर किया जाना चाहिए। लोक सेवा केन्द्र में आने वाले आवेदकों से प्राप्त आवेदनों की ऑफलाइन पंजी संधारित हो यह सुनिश्चित किया जाए। भ्रमण के दौरान शासकीय प्राथमिक विद्यालय मुंगावली एवं आंगनवाडी केन्द्र क्रमांक 01 मुंगावली का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शाला में अनुपस्थित मिलने पर शिक्षिका आराधना जैन को कारण बताओ नोटिस जारी किये जाने के निर्देश दिए। बोर्ड परीक्षा में नकल पर सखती: जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं के सुचारू एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर साकेत मालवीय ने बुधवार को बोर्ड परीक्षा केंद्र मुंगावली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय मॉडल हायर सेकेण्ड्री विद्यालय मुंगावली केंद्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मालवीय ने परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था, प्रश्न पत्र वितरण प्रणाली, पर्यवेक्षकों की उपस्थिति तथा सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने केंद्र प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने परीक्षार्थियों को शांत, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही नकल पर सख्ती से नियंत्रण रखने और सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस दौरान एस डी एम मुंगावलीय श्री इसरार खान साथ थे। ईएमएस / 18/02/2026