अशोकनगर (ईएमएस) । नगर पालिका परिषद की प्रेसिडेंट-इन-कौंसिल की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर पालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में शहर के विकास और आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना को लेकर कई बड़े निर्णय लिए गए, जिससे शहर की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया की हमारा उद्देश्य शहर की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना है। स्वीकृत कार्यों को समय सीमा में पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही अगले हफ्ते में नगर पालिका परिषद की बैठक की जायगी। बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए नगर पालिका के बजट को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। राजमाता चौराहा से अस्पताल चौराहा (अंडर ब्रिज होते हुए) और एचडीएफसी चौराहा तक के मार्ग पर डामरीकरण कार्य को भी मंजूरी दी गई है। माधव भवन में पुताई और अन्य आवश्यक मरम्मत कार्यों के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। नगरीय क्षेत्र में वर्तमान व्यवस्थाओं को देखते हुए नवीन नल कनेक्शन और स्थानांतरण पर रोक लगा दी गई है, जिस पर सभी पीआईसी सदस्यों ने सहमति जताई। सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों की सुविधा के लिए नए मोबाइल टॉयलेट क्रय करने की स्वीकृति दी गई है। शहर में महापुरुषों के सम्मान में महाराणा प्रताप मार्ग, भगवान वाल्मीकि मार्ग एवं संत गाडगे मार्ग चिन्हित किए जाएंगे।बैठक में पार्षद डॉ. जयमंडल यादव, प्रमेन्द्र तायडे, आशुतोष देवलिया, श्रीमती गीता आर्य, श्रीमती निक्की मोनू रघुवंशी और श्रीमती आयुषी जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी विनोद उन्नीतान सहित अन्य स्टाफ। ईएमएस / 18/02/2026