ईएमएस (डूंगरपुर) राजस्थान के डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र स्थित गेंजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक और युवती के शव स्कूल भवन की छत पर निकली लोहे की सरियों से लटके हुए मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों ने सुबह करीब 8 बजे पुलिस को सूचना दी। पुलिस को दोनों शव स्कूल की नई बन रही बिल्डिंग की छत पर बाहर निकली सरियों से लटके मिले। प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग के चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। 17 दिन से घर से गायब था युवक, मृत युवक की पहचान मनोज (22) पुत्र सुरेश खराड़ी, निवासी पाकरौन के रूप में हुई है। युवती की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार युवक पहले से शादीशुदा था और मजदूरी करता था। उसकी एक बेटी भी है। जानकारी के अनुसार एक फरवरी को युवक का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह घर से निकल गया। युवक की पत्नी ने 17 फरवरी को चौरासी थाने में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। सुबह स्टाफ को नहीं थी जानकारी, स्कूल की प्रिंसिपल जशोदा कलासुआ ने बताया कि स्कूल सुबह 10 बजे खुलता है, इसलिए घटना के समय कोई छात्र या स्टाफ मौजूद नहीं था। इन दिनों परीक्षाओं के कारण सुबह 8 बजे स्टाफ आता है, लेकिन बुधवार को कोई परीक्षा नहीं थी। दोनों शव स्कूल परिसर के पीछे की ओर मिले हैं। चौरासी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। डॉ. सुबोधकांत नायक/18फरवरी/डूंगरपुर