क्षेत्रीय
18-Feb-2026
...


- 12 लाख की धनिया हड़पने वाला शातिर आरोपी नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार गुना (ईएमएस)।। गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में कुंभराज थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और अमानत में खयानत के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब दो साल से फरार चल रहे शातिर आरोपी को उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में नेपाल बॉर्डर के पास से दबोच लिया है। आरोपियों ने कुंभराज के व्यापारियों की करीब 12 लाख रुपये मूल्य की धनिया फसल गायब कर दी थी। क्या था पूरा मामला? 8 मई 2024 को कुंभराज के गल्ला व्यापारी नरेंद्र कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी फर्मों से 283 बोरी धनिया (कुल 113 क्विंटल) एक आयशर ट्रक यूपी 34 टी 2098 के जरिए मुंबई भेजी गई थी। जब माल समय पर मुंबई नहीं पहुंचा और ट्रक चालक व क्लीनर के मोबाइल बंद मिले, तब पुलिस ने धारा 407 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान खुलासा हुआ कि यह महज चोरी नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश थी, जिसके बाद मामले में धारा 420 और 120बी का इजाफा किया गया। साजिश का पर्दाफाश और गिरफ्तारियां पुलिस ने मई 2024 में ही ट्रक मालिक देशराज सिंह यादव और चालक मोहम्मद फारूक उर्फ राजू को गिरफ्तार कर 116 बोरी धनिया बरामद कर ली थी। पूछताछ में विजय यादव, रोहित मिश्रा, अनस खान और कमला प्रसाद वर्मा के नाम सामने आए। इनमें से विजय और रोहित को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन कमला प्रसाद और अनस लगातार फरार चल रहे थे। नेपाल बॉर्डर पर बिछाया गया जाल फरार आरोपियों की तलाश में जुटी कुंभराज पुलिस की टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी की लोकेशन उत्तर प्रदेश में ट्रैक की। पुलिस टीम ने यूपी के कई शहरों में दबिश दी और अंतत: 16 फरवरी 2026 को आरोपी कमला प्रसाद वर्मा (45) को नेपाल बॉर्डर के पास श्रावस्ती जिले के भिनगा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गुना लाया गया है और न्यायालय से रिमांड पर लेकर शेष माल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस चुनौतीपूर्ण कार्रवाई में कुंभराज थाना प्रभारी पंकज त्यागी, उपनिरीक्षक होतम सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक आलोक सिंह भदौरिया, आरक्षक अजय रघुवंशी और साइबर सेल से कुलदीप यादव की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब मामले के अंतिम फरार आरोपी अनस खान की सरगर्मी से तलाश कर रही है। - सीताराम नाटानी