क्षेत्रीय
18-Feb-2026
...


- पिकअप सहित आरोपी गिरफ्तार गुना (ईएमएस)। जिले की धरनावदा थाना पुलिस ने गौवंश तस्करी के विरुद्ध एक प्रभावी कार्रवाई करते हुए कू्ररतापूर्वक ले जाए जा रहे 7 बछड़ों को मुक्त कराया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त टाटा मिनी पिकअप वाहन भी जप्त कर लिया है। बायपास पर घेराबंदी कर पकड़ा वाहन जानकारी के अनुसार बुधवार की तडक़े सुबह रूठियाई चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गुना की ओर से एक सफेद रंग के बंद बॉडी वाले पिकअप वाहन एमपी 08 - 3902 में अवैध रूप से गौवंश भरकर इंदौर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रूठियाई बायपास पर नाकाबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध वाहन आता दिखा, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। इंदौर में वध के लिए ले जाए जा रहे थे बछड़े वाहन की जांच करने पर पुलिस दंग रह गई। पिकअप के पीछे की बॉडी में 7 बछड़े अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे हुए थे। चालक जतिन गौर (25), निवासी सीहोर हाल इंदौर, ने पूछताछ में कबूल किया कि वह इन बछड़ों को शिवपुरी के पड़ौरा जंगल से भरकर इंदौर निवासी कालू उर्फ काले भाट के कहने पर वध हेतु ले जा रहा था। पुलिस ने 70,000 मूल्य के गौवंश को मुक्त कराकर धरनावदा गौशाला भिजवाया और 5 लाख कीमत का पिकअप वाहन जप्त कर लिया। आरोपी जतिन गौर और मुख्य सूत्रधार कालू भाट के विरुद्ध गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रभात कटारे और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। - सीताराम नाटानी