क्षेत्रीय
18-Feb-2026
...


- 18 भाषाई समाज सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देने के साथ ही पारंपरिक व्यंजनों एवं साहित्य के लगाएंगे स्टॉल:: इन्दौर (ईएमएस) अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर डॉक्टर हेडगेवार स्मारक समिति एवं भारतीय भाषा संवर्धन समिति द्वारा 22 फरवरी को भारतीय भाषा पर्व मनाया जाएगा, आयोजकों का कहना है कि भारत की समस्त भाषाएं हमारी सांस्कृतिक पहचान और अटूट एकता का प्रतीक हैं। राष्ट्र के सर्वांगीण विकास और उसकी संस्कृति को अक्षुण्ण रखने के लिए सभी भारतीय भाषाओं का सशक्त होना अनिवार्य है। भाषाएं ही राष्ट्र की नींव को मजबूती प्रदान करती हैं। हमारा लक्ष्य है कि हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को एक समृद्ध भाषाई विरासत सौंप सकें, जिसके लिए भाषाओं का संरक्षण और संवर्धन निरंतर आवश्यक है। कार्यक्रम के संयोजक रविंद्र देशपांडे, सह-संयोजक अभय सिंह राठौड़, और अश्विन खरे ने बताया कि मुख्य आयोजन 22 फरवरी रविवार प्रातः 10:00 बजे से फुटबॉल ग्राउंड, नूतन स्कूल, जेल रोड, चिमन बाग पर संपन्न होगा।जिसमें करीब 18 भाषाई समाज जैसे संस्कृत,निमाड़ी, मालवी, भीली, जनजाति, मैथिली भोजपुरी, मलयालम, तेलुगु, कन्नड़, मराठी, पंजाबी, मारवाड़ी, सिंधी, गुजराती, नेपाली, हिंदी, गढ़वाली सम्मिलित होंगे एवं सभी अपने-अपने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देने के साथ ही पारंपरिक व्यंजनों एवं साहित्य के स्टॉल भी लगाएंगे, कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में क्षेत्र संपर्क प्रमुख प्रवीण गुप्त, मुख्य अतिथि के रूप में प्रमुख सचिव (लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग) पी. नरहरि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में रिटायर्ड मेजर जनरल सरबजीत सिंह देऊसी सम्मिलित होंगे।भारतीय भाषा पर्व का यह आयोजन भाषाई विविधता के उत्सव और स्वभाषा के प्रति गौरव जगाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। आनंद पुरोहित/ 18 फरवरी 2026