:: किशनचंद मेघनानी स्मृति स्पर्धा में 15 जिलों के 150 से अधिक दिग्गज खिलाड़ी दिखाएंगे दम; स्पोर्टवोट पर होगा सीधा प्रसारण :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश वेटरन्स टेबल टेनिस कमेटी द्वारा किशन चंद मेघनानी स्मृति राज्य मास्टर्स टेबल टेनिस स्पर्धा का भव्य आयोजन 21 फरवरी से स्थानीय अभय प्रशाल में किया जा रहा है। मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश के 15 से अधिक जिलों के लगभग 150 दिग्गज खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। समिति के सचिव गौरव पटेल ने बताया कि स्पर्धा में आयु वर्ग के आधार पर कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे। पुरुष वर्ग में 40, 45, 50, 55, 60, 65 और 70 वर्ष से अधिक की श्रेणियों में एकल, युगल और मिश्रित युगल मैच खेले जाएंगे। वहीं, महिला वर्ग में 40 वर्ष से अधिक आयु की एकल स्पर्धा आयोजित की जाएगी। अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखते हुए यह प्रतियोगिता कुल 9 टेबलों पर आयोजित की जा रही है। खेल प्रेमियों के लिए पूरी स्पर्धा का सीधा प्रसारण स्पोर्टवोट प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगा। :: अनुभवी निर्णायकों का दल संभालेगा कमान :: प्रतियोगिता की निष्पक्षता और सुचारू संचालन के लिए अंतरराष्ट्रीय निर्णायक रामचंद्र मौर्य को मुख्य निर्णायक और नवीन सोनी को उप-मुख्य निर्णायक नियुक्त किया गया है। इनके नेतृत्व में 12 अनुभवी निर्णायकों का दल मैचों का संचालन करेगा। इस राज्य स्तरीय स्पर्धा में प्रदेश के कई पूर्व राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं, जिससे मुकाबलों के अत्यंत रोमांचक होने की संभावना है। प्रकाश/18 फरवरी 2026