मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन हाल ही में अपनी बेबाक राय के कारण चर्चा में हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म धुरंधर देखने के बाद वह इतनी प्रभावित हुईं कि तुरंत अभिनेत्री यामी गौतम को फोन कर बैठीं और मज़ाकिया अंदाज़ में माफी मांग ली। रवीना ने कहा कि फिल्म देखने के बाद उनका पूरा ध्यान यामी के पति और फिल्म के निर्देशक आदित्य धर की ओर चला गया, क्योंकि उन्होंने पर्दे पर ‘हीरो जैसा हीरो’ वापस ला दिया है। रवीना ने जूम स्पॉटलाइट पॉडकास्ट में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि धुरंधर ऐसी फिल्मों में से है, जिसे देखकर दर्शकों को वही संतोष मिलता है जो पुष्पा और केजीएफ जैसी फिल्मों ने दिया था। उन्होंने स्पष्ट कहा, “मुझे लगा कि असली हीरो आखिरकार फिर सामने आया है, और आदित्य ने जो कमी थी उसे भर दिया।” पॉडकास्ट के दौरान जब उन्हें बताया गया कि अभिनेता रणवीर सिंह हमेशा कहते हैं कि वे रवीना के बड़े प्रशंसक रहे हैं, तो रवीना मज़ाक में बोलीं “अरे वो झूठ बोलता है।” इसके बाद उन्होंने एक मज़ेदार किस्सा सुनाया। रवीना के मुताबिक, रणवीर बचपन में लगभग 10 या 11 साल की उम्र में उनकी शूटिंग पर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें सेट पर आने नहीं दिया गया था क्योंकि उस समय एक सेंशुअल गाने की शूटिंग चल रही थी। रवीना ने हंसते हुए कहा कि वह नहीं चाहती थीं कि किसी बच्चे का दिमाग ऐसी शूटिंग देखकर करप्ट हो जाए, “लेकिन मुझे क्या पता था कि रणवीर को करप्ट करने की जरूरत ही नहीं है, वो तो पहले से ही शरारती था।” इसके बाद रवीना ने धुरंधर में रणवीर की एक्टिंग की भरपूर तारीफ की और कहा कि आदित्य धर एक जीनियस निर्देशक हैं। उन्होंने फिल्म की पूरी स्टारकास्ट संजय, अक्षय, सारा, राकेश बेदी और गौरव गेरा की जमकर सराहना की। फिल्म के सफल रिस्पॉन्स के बाद दर्शक अब धुरंधर पार्ट 2 को लेकर उत्साहित हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीक्वल आने वाली ईद पर 19 मार्च को रिलीज़ होगा। सुदामा/ईएमएस 19 फरवरी 2026