ट्रेंडिंग
19-Feb-2026
...


पटना,(ईएमएस)। बिहार विधानसभा के स्पीकर प्रेम कुमार सहित कुल 42 विधायकों को अब हाईकोर्ट जाना होगा। पटना हाईकोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष कुमार के अलावा कुल 41 विधायकों को नोटिस दे दिया है। पटना उच्च न्यायालय के इस नोटिस को पाने वाले सत्ताधारी और विपक्ष के कुल 42 विधायक शामिल हैं। इसमें ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव भी शामिल हैं। दरअसल पटना हाईकोर्ट ने ये नोटिस चुनावी हलफनामे में गलत जानकारी के आरोप वाली याचिका सुनवाई करने के बाद दिया है। पटना हाईकोर्ट ने सभी आरोपी विधायकों से चुनावी एफिडेविट (हलफनामे) में कथित गलत जानकारी और अनियमितता के आरोपों पर जवाब तलब किया है। केस की संजीदगी को देखकर पटना हाईकोर्ट ने सभी 42 विधायकों को तय समय में नोटिस का जवाब देने का निर्देश दिया है। इस नोटिस के बाद सियासी गलियारे में खलबली मच गई है। बिहार में एनडीए के जिन विधायकों को नोटिस मिला है, उसमें ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव, पूर्व मंत्री और जाले से बीजेपी के विधायक जीवेश मिश्रा, नबीनगर से जदयू विधायक चेतन आनंद, गोह से राजद विधायक अमरेंद्र कुमार का नाम भी शामिल है। सबसे बड़ी बात ये है कि नोटिस पाने वालों में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. कुमार का नाम भी शामिल है। हाईकोर्ट के नोटिस के बाद इन सभी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। क्या है आरोप ये पूरा मामला बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल किए गए हलफनामों से जुड़ा है। संबंधित विधायकों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों ने पटना हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। याचिका में आरोप लगाया गया है कि इन सभी 42 विधायकों ने चुनावी हलफनामे में अपने नॉमिनेशन के दौरान जानकारियों को छिपाया। वहीं कुछ मामलों में वोटिंग प्रकिया में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया है। पहली सुनवाई के बाद पटना हाईकोर्ट ने मामले में सभी 42 विधायकों को नोटिस जारी कर जवाब देने को कहा है। अब इनके जवाब दाखिल करने के बाद मामले की सुनवाई आगे बढ़ेगी। आशीष दुबे / 19 फरवरी 2026