-मुनीर सेना के जवान वायरल वीडियो में जान की भीख मांगते आए नजर इस्लामाबाद,(ईएमएस)। पाकिस्तान के अंदर ही बीएलए के लड़ाकों ने करीब 10 जिलों से पुलिस से लेकर आर्मी तक सबको खदेड़कर बाहर कर दिया है। इन लड़ाकों ने कई इलाकों पर कब्जा कर लिया है लेकिन इसके साथ ही बलूच विद्रोहियों ने कई पाकिस्तानी सैनिकों को भी बंधक बनाया है। हाल ही में बीएलए की कैद से पाकिस्तानी सेना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पाकिस्तानी सैनिकों की लाचारी साफ नजर आ रही है। वे अपने देश की सरकार से मदद मांग रहे हैं लेकिन शहबाज-मुनीर ने उन्हें मरने के लिए छोड़ दिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सेना के कई जवानों को बंधक बना लिया है। यह वीडियो ‘ऑपरेशन हेरोफ़ 2.0’ का हिस्सा बताया जा रहा है, जिसे बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ छेड़ा है। दावा किया जा रहा है कि इन जवानों को खुजदार जिले के ओरनाच इलाके से उस वक्त पकड़ा गया जब वे छुट्टी पर अपने घर जा रहे थे। इस वीडियो में कम से कम सात जवानों को पाकिस्तानी सेना की वर्दी में घुटनों के बल बैठे देखा जा सकता है। वीडियो के एक हिस्से में, एक जवान खुद की पहचान कराता है, जो स्वाबी का रहने वाला है और अक्टूबर 2022 में सेना में भर्ती हुआ था। वह भावुक अपील करते हुए कहता है कि वह बलूच विद्रोहियों की कैद में है और पाकिस्तानी सरकार को उनकी मांगों को मान लेना चाहिए ताकि उसकी और उसके साथियों की जान बच सके। बीएलए के मीडिया विंग ने दावा किया है कि उन्होंने कुल 17 सुरक्षाकर्मियों को हिरासत में लिया था। हालांकि, इनमें से 10 जवानों को जो स्थानीय बलूच मूल के थे और पुलिस या लेवीज फोर्स से जुड़े थे। उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया बाकी बचे 7 जवान, जो नियमित पाकिस्तानी सेना की इकाइयों से हैं, अभी भी विद्रोहियों के कब्जे में हैं। इतने बड़े दावे और वीडियो के सामने आने के बावजूद पाकिस्तान की सेना या सरकार की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। सिराज/ईएमएस 19 फरवरी 2026