खेल
19-Feb-2026
...


दुबई (ईएमएस)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की तकनीकी समिति ने चोटिल तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना की जगह दिलशान मदुशंका को शामिल करने की श्रीलंकाई बोर्ड की अपील मंजूर कर ली है। पथिराना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए मैच में बाएं पैर की मांसपेशियों में खिंचाव के बाद टीम से बाहर हो गये थे। ऐसे में उनकी जगह पर विकल्प के तौर पर दिलशान मदुशंका को शामिल किया गया। पथिराना कैंडी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए मैच में मांसपेशियों में खिंचाव के कारण अपने ओवर की केवल चार गेंदें ही फेंक पाये थे। इसके बाद उन्हें दर्द बढ़ने के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा था। इसके बाद उनका बचा हुआ ओवर दासुन शनाका ने पूरा किया। गौरतलब है क आईसीसी टूर्नामेंट में किसी खिलाड़ी की जगह दूसरे को शामिल करने से पहले तकनीकी समिति की सहमति जरुरी है। उसी के बाद किसी खिलाड़ी को विकल्प के तौर पर शामिल किया जा सकता है। वहीं श्रीलंका के बल्लेबाजी सलाहकार विक्रम राठौर ने पथिराना की चोट को लेकर कहा कि उन्हें बाकी टूर्नामेंट के लिए अनफिट घोषित कर दिया गया है। ऐसे में वह इस टूर्नामेंट से बाहर हो गये हैं। पथिराना जैसे अच्छे गेंदबाज का सुपर-8 से पहले बाहर होना श्रीलंकाई टीम के लिए करारा झटका है। श्रीलंकाई टीम सुपर-8 में 22 फरवरी को पल्लेकेले में इंग्लैंड से जबकि 25 फरवरी को कोलंबो में न्यूजीलैंड से खेलेगी। गिरजा/ईएमएस 19 फरवरी 2026