- तकनीकी काम में आगे बढ़ रही राजगढ़ पुलिस राजगढ़(ईएमएस) क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) की जनवरी 2026 की ग्रुप-ए श्रेणी की रैंकिंग में राजगढ़ जिले ने मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। राजगढ़ पुलिस ने डिजिटल पुलिसिंग में यह रिकॉर्ड हासिल किया है। जिले ने 160 में से 153 अंक हासिल कर प्रदेश में शीर्ष स्थान पर अपनी जगह बनाई। जारी रैंकिंग के अनुसार राजगढ़ को डेटा क्वालिटी में 80 में से 73 अंक तथा डेटा क्वांटिटी में 80 में से पूर्ण 80 अंक प्राप्त हुए। कुल 153 अंकों के साथ यह ग्रुप-ए के सभी जिलों में सर्वाधिक स्कोर है। इस सूची में ग्वालियर द्वितीय और रतलाम तृतीय स्थान पर रहे, जबकि शिवपुरी एवं मंदसौर ने संयुक्त रूप से अगला स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि जिले में पोर्टल पर समयबद्ध, सटीक और गुणवत्तापूर्ण डेटा एंट्री, अपराध पंजीयन, केस डायरी अपलोड, आरोप पत्र से संबंधित विवरण, गिरफ्तारी, जप्ती और अन्य प्रक्रिया की नियमित अपडेटिंग के कारण संभव हो सकी। पुलिस अधीक्षक अमित सुरेश तोलानी के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे के मार्गदर्शन में जिले की समस्त पुलिस इकाइयों ने समन्वित प्रयास किए। अनुविभागीय अधिकारी, थाना प्रभारी, सीसीटीएनएस नोडल अधिकारी एवं संबंधित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग, तकनीकी प्रशिक्षण और कार्य की समीक्षा से पोर्टल पर डेटा की गुणवत्ता बेहतर हुई। समय पर एंट्री और त्रुटिरहित रिकॉर्डिंग से जिले का प्रदर्शन अन्य जिलों की तुलना में बेहतर रहा। पुलिस विभाग के अनुसार डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपराध और अपराधियों की जानकारी त्वरित रूप से उपलब्ध होने से जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ती है। इससे लंबित मामलों की निगरानी, आरोप पत्र प्रस्तुत करने की समय-सीमा तथा रिकॉर्ड प्रबंधन में भी सुधार होता है।पुलिस अधिकारीयों के अनुसार सीसीटीएनएस केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी व्यवस्था पुलिस के लिए है। इसका उद्देश्य देशभर के पुलिस थानों और उच्च कार्यालयों को एकीकृत डिजिटल नेटवर्क से जोड़ना है। इस प्रणाली में एफआईआर पंजीयन, केस डायरी, आरोप पत्र, गिरफ्तारी, जप्ती, अपराधियों का विवरण सहित विभिन्न जानकारियां ऑनलाइन दर्ज की जाती हैं। इसका सेंट्रलाइज्ड सिस्टम होता है। -निखिल /राजगढ़ /19/2/2026