क्षेत्रीय
19-Feb-2026
...


- ऑटो पलटा, 8 घायल; डिलीवरी के बाद बेटी को ससुराल छोड़ने जा रहा था परिवार (ईएमएस) डूंगरपुर. जिले में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि महिलाओं समेत 8 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार डिलीवरी के बाद बेटी को ससुराल छोड़ने के लिए ऑटो से जा रहा था। जानकारी के अनुसार चौरेसी थाना क्षेत्र के वेजा मोड़ के पास गुरुवार करीब 1:30 बजे एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो में सवार डेढ़ महीने का मासूम और तीन वर्षीय बच्चा अपनी-अपनी मां की गोद में बैठे थे। हादसे में दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वागाबोल निवासी प्रियंका (28) पत्नी बलदेव की डेढ़ महीने पहले पीहर वेजा में डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद वह अपने पिता के घर ही रह रही थी। गुरुवार को परिवार के लोग प्रियंका और उसके डेढ़ महीने के बेटे को ससुराल छोड़ने के लिए ऑटो में सवार होकर जा रहे थे। स्थानीय भाषा में इस परंपरा को ‘पाणणा’ कहा जाता है, जिसमें बच्चा जन्म के बाद पहली बार मां के साथ अपने घर जाता है। रास्ते में वैजा मोड़ के पास ऑटो चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे में डेढ़ महीने के कुश और तीन वर्षीय अरिहंत की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों अपनी मां की गोद में थे। हादसे में प्रियंका (28), मंजुला (30), सरस्वती (5), माया (27), बंशी (70), कांता (60), लक्ष्मी (25) और कांती (25) घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंजुला मृतक अरिहंत की मां बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डॉ.सुबोधकांत नायक/19 फरवरी/डूंगरपुर