गुरुग्राम (ईएमएस)। हेलीमंडी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। वे रेवाड़ी से बादशाहपुर जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। मृतकों में एक सेवानिवृत्त सैनिक था। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुतुबपुर निवासी पूर्व सैनिक ईश्वर दास अपने बड़े भाई गूगन के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बादशाहपुर की ओर जा रहे थे। जब वे हेलीमंडी-पटौदी मार्ग पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को साइड मार दी। टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों भाई ट्रक के नीचे आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। बताया गया कि ईश्वर दास ने हेलमेट भी पहन रखा था, लेकिन टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि हेलमेट भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा था। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/19/फरवरी/2026