क्षेत्रीय
19-Feb-2026
...


- दो मिनट तक गिरा रहा तेल की कड़ाही में, 15 तक अस्पताल में चला इलाज भोपाल(ईएमएस)। शहर के देहात क्षेत्र में स्थित परवलिया इलाके में बीते दिनो एक समारोह में खाना बनाते समय हलवाई युवक गर्म तेल की कढ़ाई में गिर गया। मैरिज गार्डन में उसके साथ मौजूद काम कर रहे अन्य लोगो ने करीब दो मिनट की मशक्कत के बाद उसे कढ़ाई से बाहर निकालकर उसे फौरन ही इलाज के लिये हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। वहॉ 15 दिन चले इलाज के बाद बीती सुबह उसने दम तोड़ दिया। बताया गया है की हादसे के समय मृतक युवक पूरियां तल रहा था, और अचानक चक्कर आने के कारण वह जानलेवा हादसे का शिकार हो गया। अस्पताल से मिली सूचना पर पहुचीं पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार गोंडीपुरा नई जेल पर रहने वाला 34 वर्षीय सज्जाद अली पिता हसन अली हलवाई का काम करता था। अविवाहित सज्जाद चार भाईयों में दूसरे नंबर का था, वह शादी पार्टियों में खाना बनाने के आर्डर भी लेता था। बीती 4 फरवरी को वह मुबारकपुर में एक गार्डन में आयोजित समारोह में खाना बनाने के दौरान अचानक उसे चक्कर आ गया। उस समय वह पूरियां तल रहा था, चक्कर आने के कारण वह तेल से भरी कढ़ाई में गिर गया। बेहद गर्म तेल में गिरने से उसका शरीर बुरी तरह से झुलस गया था। साथियों ने उसे जैसै-तैसै बाहर निकालते हुए इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया। वहॉ उपचार के दौरान उसकी हालत लगातार नाजूक होती गई आखिरकार बीती सुबह उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौपं दिया है। जुनेद / 19 फरवरी