- सीमित संसाधन और ग्रामीण परिवेश के बावजूद पाया लक्ष्य राजगढ़(ईएमएस) प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजगढ़ के बीएससी. द्वितीय वर्ष के मेधावी छात्र सुनील वर्मा का चयन इंडियन नेवी में अग्निवीर के रूप में हुआ है। ग्राम बाईहेड़ा तहसील खिलचीपुर जिला राजगढ़ के सुनील ने अपने अदम्य साहस, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर यह प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल की है। वे 21 फरवरी, 2026 को नौसेना के सुप्रसिद्ध प्रशिक्षण केंद्र आईएनएस Chilka में रिपोर्ट करेंगे, जहाँ से उनके राष्ट्रसेवा के स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत होगी। सुनील वर्मा की सफलता केवल एक चयन नहीं, बल्कि यह उस संघर्ष, संकल्प और सपनों की जीत है जो उन्होंने अपने मन में संजोए थे। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बावजूद उन्होंने कभी अपने लक्ष्य से ध्यान नहीं हटाया।नियमित अध्ययन, शारीरिक तैयारी और दृढ़ आत्मविश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया।उनकी यह उपलब्धि सिद्ध करती है कि परिस्थितियाँ चाहे कैसी भी हों, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर हो, तो सफलता निश्चित है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी. बी. खरे ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “सुनील वर्मा की यह सफलता पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। हमें विश्वास है कि वे भारतीय नौसेना में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।” महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं स्टाफ ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। - युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत सुनील वर्मा आज केवल अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि बड़े सपने देखने का साहस रखें और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहेंl अनुशासन और मेहनत को जीवन का आधार बनाएं।अग्निवीर के रूप में चयनित होकर सुनील अब मातृभूमि की सेवा के पथ पर अग्रसर हैं। उनका यह कदम देशभक्ति, साहस और समर्पण का प्रतीक है। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस राजगढ़ को अपने इस होनहार विद्यार्थी पर गर्व है। उनके उज्ज्वल, सफल और गौरवशाली भविष्य की कामना के साथ पूरा महाविद्यालय परिवार उन्हें सलाम करता है। -निखिल /राजगढ़ /19/2/2026