दतिया ( ईएमएस ) | किशोर न्याय समिति उच्च न्यायालय जबलपुर के निर्देशानुसार जिले से शौर्या दीदी का नामांकन एनएफएसयू गांधीनगर गुजरात में 05 दिवसीय ट्रेनिंग हेतु किया गया था। जिसमें महिला बाल विकास विभाग एवं पुलिस विभाग से शौर्या दीदी द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त किया गया। उक्त प्रशिक्षण प्राप्त शौर्या दीदी द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविन्द कुमार उपाध्याय के निर्देशन में जिले के शौर्या दल सदस्यों को पुरानी कचहरी दतिया स्थित पोषण क्लब में 01 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में विभाग की मास्टर ट्रेनर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुश्री विमला योगी, पुलिस विभाग से मास्टर ट्रेनर आरक्षक खुशबू तिवारी, विशेष किशोर पुलिस इकाई दतिया से प्रभारी प्रधान आरक्षक श्री जण्डेल सिंह तोमर एवं विधि सह परिवीक्षा अधिकारी श्री कुश मिश्रा द्वारा शौर्या दल सदस्यों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। मास्टर ट्रेनर शौर्या दीदी सुश्री विमला योगी द्वारा आघात पीड़ित महिलाओं और बच्चों के साथ विश्वास और तालमेल का निर्माण, पीड़ितों के परिवारों द्वारा अनुभव किये जाने वाले मनोवैज्ञानिक संकट के प्रकार और सहायक परामर्श कौशल एवं संकट की स्थिति में परिवार के सदस्यों को परामर्श देना व हिंसा से बचे लोगों में मनोवैज्ञानिक संकट की बुनियादी जाँच रणनीतियाँ विषय पर उपस्थित सदस्यों को जानकारी प्रदान की गयी। मास्टर ट्रेनर शौर्या दीदी सुश्री खुशबू तिवारी द्वारा महिला केन्द्रित अपराधों का परिचय उसमें पुलिस, न्यायपालिका, नागरिक समाज, स्वास्थ्य क्षेत्र, मीडिया एवं सरकार और नीति निर्माताओं की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की, एवं संकट की स्थिति में शासन द्वारा स्थापित कानून एवं योजनाओं का प्रयोग किस प्रकार किया जाये इस विषय पर जानकारी प्रदान की। विशेष किशोर पुलिस इकाई से श्री जण्डेल सिंह तोमर द्वारा संकट की स्थिति में पड़े बच्चों को किस प्रकार शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान कर समाज की मुख्य धारा में किस प्रकार जोड़ा जाये इस विषय पर अपने विचार व्यक्त किये। विभाग से विधि सह परिवीक्षा अधिकारी कुश मिश्रा द्वारा महिला संबंधी कानूनों एवं योजनाओं की जानकारी उपस्थित सदस्यों को प्रदान की गयी। कार्यक्रम में जिन शौर्या दल सदस्यों ने 26 जनवरी परेड में भाग लिया था उन्हें जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविन्द उपाध्याय के द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभाग से मनीष शर्मा, आमिर खान, शिवम गुप्ता उपस्थित रहे।