क्षेत्रीय
19-Feb-2026
...


- जनगणना अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू श्योपुर ( ईएमएस ) | कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने कहा कि जनगणना का कार्य अतिमहत्वपूर्ण है, इसलिए जनगणना के लिए नियुक्त अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता के साथ करें। प्रथम चरण में मकानों के सूचीकरण का कार्य संपन्न होगा तथा प्रगणक घर-घर जाकर मकानों पर नंबर अंकित करेंगे। जनगणना 2027 की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी। वे आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग के तत्वाधान में आयोजित चार्ज एवं अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारियों के दो दिवसीय प्रशिक्षण को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, एसडीएम श्योपुर श्री गगन सिंह मीणा, कराहल श्री बीएस श्रीवास्तव, जनगणना निदेशालय भोपाल से श्योपुर के जनगणना जिला प्रभारी श्री सत्यप्रकाश, जिला योजना अधिकारी श्री गिर्राज शर्मा आदि उपस्थित रहें। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने कहा कि जनगणना के लिए नियुक्त सभी चार्ज एवं अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी गंभीरता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें तथा अपनी शंकाओं का समाधान मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से करें। जनगणना 2027 का कार्य दो चरणो में संपादित किया जायेगा। प्रथम चरण में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण का कार्य संपन्न होगा तथा द्वितीय चरण का कार्य फरवरी 2027 में संपन्न कराया जायेगा। जनगणना 2027 में स्व-गणना पोर्टल (एसई पोर्टल) एवं मोबाइल एप (एचएलओ एप) के माध्यम से आंकड़ों का संकलन किया जायेगा। इसी क्रम में मकान सूचीकरण ब्लॉक क्रिएटर (एचएलबीसी) वेब पोर्टल के माध्यम से मकान सूचीकरण ब्लॉक का सृजन किया जायेगा। जनगणना प्रबंधन और निगरानी प्रणाली (सीएमएमएस) वेब पोर्टल के माध्यम से मैनेजमेंट एवं मॉनिटरिंग की जाएगी। जनगणना 2027 में खास बात यह है कि जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी। जनगणना प्रक्रिया में नागरिक स्वयं स्व-गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी भर सकते हैं। जनगणना के दौरान गणक के घर आने पर उन्हें यह जानकारी देनी होगी तब इस जानकारी को डिजिटल संकलित करेंगे। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अर्पित वर्मा ने बैठक में मकान सूचीकरण ब्लॉक के गठन, भवन नंबरिंग के दिशा-निर्देश देते हुए ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में ब्लॉक निर्धारण के मानदंडों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। जनगणना निदेशालय भोपाल से श्योपुर के जनगणना जिला प्रभारी श्री सत्यप्रकाश ने कहा कि जनगणना अधिकारियों द्वारा मकान सूचीकरण के दौरान नागरिकों से 33 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी। जनगणना अधिकारियों द्वारा मकान सूचीकरण के दौरान भवन नंबर, जनगणना मकान नंबर, मकान की दीवार, छत और फर्श में प्रयुक्त सामग्री, मकान का उपयोग और स्थिति की जानकारी ली जाएगी। इसके साथ ही परिवार, परिवार में रहने वाले सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, सामाजिक वर्ग (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य) से संबंधित विवरण दर्ज किया जाएगा। जनगणना के दौरान पेयजल का मुख्य स्रोत, प्रकाश का स्रोत, शौचालय की उपलब्धता और उसका प्रकार, गंदे पानी की निकासी, रसोईघर एवं उसमें प्रयुक्त ईंधन की जानकारी भी ली जाएगी। इसके अलावा घर में स्नानघर, एलपीजी, पीएनजी कनेक्शन, टेलीविजन, रेडियो, इंटरनेट सुविधा, कंप्यूटर, मोबाइल, स्मार्टफोन, साइकिल, स्कूटर, मोटर साइकिल, मोपेड, कार, जीप या वैन जैसी सुविधाओं और वाहनों की जानकारी भी शामिल है। परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य खाद्यान्न, परिवार में रहने वाले विवाहित दंपत्तियों की संख्या, परिवार के मुखिया का व्यवसाय तथा मकान के स्वामित्व की स्थिति से जुड़ी जानकारी भी जनगणना में दर्ज की जाएगी। राजपत्र में स्पष्ट किया गया है कि जनगणना अधिनियम 1948 के तहत एकत्र की गई सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी और किसी भी न्यायालय, जांच या अन्य प्रयोजन के लिए साक्ष्य के रूप में उपयोग नहीं की जा सकेंगी। डिजिटल माध्यम से जनगणना 2027 में यह समस्त जानकारी डिजिटल माध्यम से मोबाइल एप और पोर्टल के जरिए एकत्र की जाएगी।