ग्वालियर ( ईएमएस ) | सिथौली रेल स्प्रिंग कारखाने में आज छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती, श्रद्धा, सम्मान एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कारखाना परिसर में उनकी प्रतिमा पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य कारखाना प्रबंधक शिवाजी कदम द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज के अद्वितीय साहस, कुशल नेतृत्व, राष्ट्रनिष्ठा एवं सुशासन की भावना एवं उनका प्रकृति संरक्षण के प्रति लगाव पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने हेतु प्रेरित किया । तथा छत्रपति शिवाजी महाराज के आज्ञापत्र (भाषा – मराठी) का हिन्दी में मौखिक अनुवाद करके वाचन किया गया एवं इसका अनुसरण करने हेतु प्रोत्साहित किया गया । इस अवसर पर उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर भानु प्रताप सिंह, सहायक रासायन एवं धातु कर्मज्ञ रमेश कुमार हनोते एवं अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। जयंती समारोह के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए लगभग 500 वर्ग मीटर क्षेत्र में मियावाकी पद्धति द्वारा सघन वन विकसित करने का शुभारंभ किया गया। इस विशेष वृक्षारोपण अभियान हेतु ग्वालियर वन विभाग द्वारा लगभग 20 पौधे उपलब्ध कराए गए। कारखाने के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भी स्वेच्छा से लगभग 100 पौधे मियावाकी पद्धति के अंतर्गत सघन वन क्षेत्र के विकास के लिए प्रदान किए गए। जयंती समारोह के अवसर पर मियावाकी पद्धति के अंतर्गत 50 पौधों का रोपण किया गया तथा आगामी चरणों में कुल लगभग 1200 से अधिक पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।