क्षेत्रीय
19-Feb-2026
...


राजगढ़(ईएमएस) पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत राजगढ़ के मार्गदर्शन में विकासखंड ब्यावरा में नवाचार अंतर्गत पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन देने हेतु जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का संयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग, राजगढ़ द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के अंतर्गत बालक वर्ग में कबड्डी एवं बालिका वर्ग में खो-खो खेल का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद क्षेत्र की 5 पंचायतों से चयनित टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए पारंपरिक खेलों के प्रति अपने समर्पण और ऊर्जा का परिचय दिया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को प्रोत्साहित करने हेतु प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः ₹21,000, ₹11,000 एवं ₹5,000 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ संभागीय खेल अधिकारी श्रीमती शर्मीला डाबर द्वारा किया गया। इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक राजकुमार प्रजापति, क्रीड़ा शिक्षक देवेंद्र सक्सेना, मुकेश शर्मा, चंदा खान, सचिन शर्मा, इंद्र नारायण श्रीवास, राम भील, रामवीर किशन बैरागी सहित सैकड़ों खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। संभागीय खेल अधिकारी श्रीमती डाबर ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की पारंपरिक खेल विधाएँ हमारी सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर हैं। इन खेलों के माध्यम से खिलाड़ियों में शारीरिक सुदृढ़ता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर से प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें जिला एवं राज्य स्तर तक मंच उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इस आयोजन ने न केवल ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को अवसर प्रदान किया, बल्कि पारंपरिक खेलों के पुनर्जीवन की दिशा में एक सराहनीय पहल भी सिद्ध हुई। -निखिल/राजगढ़/19/2/2026