- सीएमओ को पत्र लिखकर नपाध्यक्ष की दो टूक— अतिक्रमण हटाएँ और 7 दिन में दें जवाब गुना (ईएमएस)। शहर के सबसे व्यस्ततम और महत्वपूर्ण मार्ग रेलवे स्टेशन रोड के कायाकल्प को लेकर नपाध्यक्ष सविता अरविन्द गुप्ता ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। उन्होंने डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सीएमओ को एक तीखा पत्र लिखते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्टेशन रोड के निर्माण में बाधक बन रहे हर छोटे-बड़े अतिक्रमण को तत्काल जमींदोज किया जाए और ठप पड़े विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर प्रारंभ किया जाए। नपाध्यक्ष की इस सख्ती से उन रसूखदारों और कब्जाधारियों में हडक़ंप मच गया है, जिन्होंने वर्षों से सरकारी जमीन को अपनी जागीर समझ रखा था। श्रीमंत के विकास मॉडल में बाधा कतई बर्दाश्त नहीं नपाध्यक्ष श्रीमती गुप्ता ने अपने पत्र में विकास के मसीहा और क्षेत्रीय सांसद, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अमृत योजना के तहत रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण और कैंपस तक चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। जब स्टेशन का मुख्य हिस्सा श्री सिंधिया की मंशा के अनुरूप भव्य स्वरूप ले चुका है, तो स्टेशन पहुँच मार्ग (स्टेशन रोड) का काम अधूरा क्यों है? उन्होंने स्पष्ट किया कि महाराज की महत्वाकांक्षी योजना के मार्ग में आने वाली हर बाधा को हटाना नगर पालिका की प्राथमिकता है। रसूखदारों पर गिरेगी गाज, अवैध कब्जों पर चलेगा पीला पंजा उल्लेखनीय है कि स्टेशन रोड के चौड़ीकरण में लंबे समय से कुछ प्रभावशाली लोगों और राजनेताओं के अवैध कब्जे बड़ी रुकावट बने हुए हैं। हाल ही में जैन समाज की धर्मशाला की जमीन पर भाजपा से जुड़े कुछ रसूखदार नेताओं द्वारा कब्जे की शिकायत भी सामने आई थी। नपाध्यक्ष ने अपने पत्र में बिना किसी दबाव के कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि जिस स्थान पर अतिक्रमण है, उसे अविलंब हटाया जाए। यदि न.पा. के कोई अस्थाई किरायेदार भी निर्माण में बाधक हैं, तो उन्हें न.पा. अधिनियम के तहत तत्काल बेदखल कर आगे का डामरीकरण, डिवाइडर और लाइटिंग का कार्य पूर्ण करें। 7 दिन का अल्टीमेटम, लापरवाही पर नपेगी अफसरशाही नपाध्यक्ष ने सीएमओ को केवल निर्देश ही नहीं दिए, बल्कि 7 दिन के भीतर कार्यवाही की रिपोर्ट भी तलब की है। उन्होंने पत्र की प्रतिलिपि केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और जिला कलेक्टर को भी भेजी है, जो इस बात का संकेत है कि अब स्टेशन रोड के निर्माण में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली या राजनीतिक संरक्षण काम नहीं आएगा। श्रीमती गुप्ता के इस दमदार कदम की शहरवासियों ने सराहना की है। लंबे समय से धूल और आधे-अधूरे सडक़ निर्माण से जूझ रही जनता को अब उम्मीद है कि स्टेशन रोड जल्द ही डिवाइडर, फुटपाथ और हाईटेक लाइटिंग से जगमगाएगा। - सीताराम नाटानी