19-Feb-2026
...


- कारोबारी सतपाल सिंह छाबड़ा गिरफ्तार, 6 दिन की पुलिस रिमांड पर रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) फंड से जुड़े करोड़ों के घोटाले की जांच में एंटी करप्शन ब्यूरो-इकोनॉमिक ऑफेंस विंग ने एक और आरोपी को दबोचा है। रायपुर के ला विस्टा सोसायटी निवासी कारोबारी सतपाल सिंह छाबड़ा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 6 दिन (25 फरवरी 2026 तक) पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डीएमएफ फंड से संचालित कृषि अनुदान योजनाओं में बड़े पैमाने पर नियमों की अनदेखी की गई। सिंडिकेट में शामिल शासकीय अधिकारी, कर्मचारी और व्यापारियों ने मिलकर पारदर्शिता की धज्जियां उड़ाईं और कार्यों में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं कीं, जिससे राज्य सरकार को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। आरोपी सतपाल सिंह छाबड़ा पर आरोप है कि उसने सिंडिकेट के साथ सांठगांठ कर अवैध कमीशन वसूला। यह रकम नगद के अलावा उसके नातेदारों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। जांच में वित्तीय लेन-देन, डिजिटल साक्ष्य और संबंधित दस्तावेजों की गहन छानबीन से आरोपी की संलिप्तता के ठोस प्रमाण मिले, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। एजेंसी ने बताया कि इस मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों, अधिकारियों और संबंधित पहलुओं की जांच तेजी से जारी है। इससे पहले भी DMF घोटाले में ईडी और अन्य एजेंसियों द्वारा कई छापेमारियां की जा चुकी हैं, जिसमें कृषि उपकरण आपूर्तिकर्ताओं के ठिकानों पर कार्रवाई हुई थी। सतपाल छाबड़ा का नाम पहले भी जांच में सामने आया था, जहां उसके ठिकानों पर तलाशी ली गई थी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)19 फरवरी 2026