राष्ट्रीय
20-Feb-2026
...


-शाही सुइट, स्पा, जिम और 5-स्टार डाइनिंग नई दिल्ली,(ईएमएस)। कल्पना कीजिए कि किसी मध्यमवर्गीय परिवार की सालभर की कमाई सिर्फ एक सप्ताह की यात्रा में खर्च हो जाए। सुनने में भले अतिशयोक्ति लगे, लेकिन भारतीय रेलवे की लग्जरी ट्रेन गोल्डन चैरियट का किराया कुछ ऐसा ही अनुभव कराता है। पटरियों पर दौड़ती यह ट्रेन किसी साधारण रेलगाड़ी जैसी नहीं, बल्कि चलते-फिरते 5-स्टार होटल या यूं कहें, एक शाही महल जैसी है। 18 कोच वाली इस लग्जरी ट्रेन का इंटीरियर राजसी ठाठ-बाट से सजा है। लकड़ी की नक्काशी, गद्देदार फर्नीचर, किंग साइज बेड, स्मार्ट टीवी और भव्य बाथरूम—हर सुविधा इसे लग्जरी होटलों की टक्कर पर खड़ा करती है। मेहमानों के लिए आधुनिक जिम और रिफ्रेशिंग स्पा की व्यवस्था भी है, ताकि सफर के दौरान आराम और फिटनेस दोनों का ख्याल रखा जा सके। खाने-पीने के शौकीनों के लिए ‘नल’ और ‘रुचि’ नाम के दो शानदार रेस्टोरेंट हैं, जहां 5-स्टार शेफ द्वारा तैयार व्यंजन परोसे जाते हैं। वहीं ‘मदिरा’ नाम का बार लाउंज शाम को खास बना देता है, जहां प्रीमियम ड्रिंक्स और कॉकटेल का आनंद लिया जा सकता है। एशिया की सर्वश्रेष्ठ लग्जरी ट्रेन का खिताब साल 2013 में गोल्डन चैरियट को ‘एशिया की सर्वश्रेष्ठ लग्जरी ट्रेन’ का खिताब भी मिल चुका है। यात्रा की शुरुआत ही शाही अंदाज में होती है। बेंगलुरु के यशवंतपुर स्टेशन पर यात्रियों का रेड कार्पेट स्वागत, ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं के साथ किया जाता है। विरासत से रूबरू कराता सफर 5 रात और 6 दिन की यह यात्रा दक्षिण भारत की ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहरों से परिचय कराती है। यात्री मैसूर के भव्य महलों, गोवा के सुनहरे समुद्र तटों और हम्पी के ऐतिहासिक खंडहरों की सैर करते हैं। 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलती यह ट्रेन हर पल रॉयल लाइफ का एहसास कराती है। किराया सुनकर उड़ जाएंगे होश इस शाही अनुभव की कीमत भी उतनी ही भव्य है। दो लोगों के लिए 6 दिन की यात्रा का खर्च लगभग 8.5 लाख रुपये तक पहुंच जाता है। विदेशी सैलानियों के लिए यह राशि करीब 10,000 डॉलर है। पैकेज में लग्जरी सुइट में ठहराव, भोजन, स्पा, जिम और अनलिमिटेड ड्रिंक्स जैसी सुविधाएं शामिल होती हैं। यानी यह सिर्फ सफर नहीं, बल्कि एक ऐसा अनुभव है जो लग्जरी और रॉयल जीवनशैली की परिभाषा को नई ऊंचाई देता है। हिदायत/ईएमएस 20 फरवरी 2026