अंतर्राष्ट्रीय
20-Feb-2026
...


वाशिंगटन (ईएमएस)। तेहरान परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच जारी कूटनीतिक बातचीत के बावजूद युद्ध की आशंका बढ़ रही हैं। अब एक रिपोर्ट में दावा हुआ है कि अमेरिका ने ईरान पर हमले की तारीख तय की है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पेंटागन संभावित ईरानी जवाबी हमले की तैयारी के लिए आने वाले दिनों में कुछ कर्मियों को अस्थायी रूप से मिडिल ईस्ट से हटा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध निकट है और ये हफ्तों तक चलने वाला पूर्ण पैमाने का संघर्ष हो सकता है। इजरायल भी कुछ दिनों में युद्ध की स्थिति के लिए तैयारियां कर रहा है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस मुद्दे पर परेशान हो चुके हैं और उनके करीबी सलाहकार ने आने वाले हफ्तों में सैन्य कार्रवाई की 90 प्रतिशत संभावना जाहिर की है। सूत्रों के हवाले से बताया कि यदि सैन्य कार्रवाई शुरू हुई, तब ये सीमित या प्रतीकात्मक नहीं होगी, बल्कि कई हफ्तों तक चलने वाला व्यापक अभियान होगा। ये कार्रवाई पिछले जून में हुए 12-दिवसीय इजरायली हमले से कहीं बड़ा होगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान में ऑपरेशन चला सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में अपनी सैन्य ताकत बढ़ा दी है। वर्तमान में दो एयरक्राफ्ट कैरियर, 12 युद्धपोत, सैकड़ों लड़ाकू विमान और कई एयर डिफेंस सिस्टम मिडिल ईस्ट में तैनात हैं। पिछले कुछ दिनों में 150 से अधिक अमेरिकी सैन्य कार्गो विमानों ने हथियारों और गोला-बारूद को मिडिल ईस्ट पहुंचाने के लिए उड़ान भरी। जबकि पिछले 24 घंटों के दौरान अमेरिका ने मध्य पूर्व में अपने सैन्य साजो-सामान की आपूर्ति और तेज कर दी है, जिनमें 50 से ज्यादा लड़ाकू विमानों ने मिडिल ईस्ट की ओर उड़ान भरी है। इस भारी सैन्य जमावड़े ने दुनिया भर में ये डर पैदा कर दिया है कि क्षेत्र में कभी भी एक बड़ा विनाशकारी युद्ध शुरू हो सकता है। व्हाइट हाउस के सूत्रों के अनुसार, ट्रंप ईरान के रवैये से काफी नाराज हैं। एक वरिष्ठ सलाहकार ने दावा किया है कि अगले कुछ हफ्तों में सैन्य कार्रवाई की 90 प्रतिशत संभावना है। हालांकि, पेंटागन के कुछ अधिकारी अब भी सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन ट्रंप प्रशासन ने साफ किया है कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए सभी विकल्प खुले हैं। उधर, इजरायली रक्षा अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि वह अगले कुछ दिनों के अंदर युद्ध शुरू होने के परिदृश्य के लिए तैयार हैं। पूर्व इजरायली सैन्य खुफिया प्रमुख अमोस यादलिन ने कहा कि संघर्ष की संभावना पहले के मुकाबले काफी बढ़ गई है। उन्होंने सुझाव दिया कि स्थिति इतनी गंभीर है कि फिलहाल इजरायल से बाहर यात्रा करने से पहले दो बार सोचना चाहिए। इजरायल को अंदेशा है कि अमेरिकी हमले की स्थिति में ईरान उस पर लंबी दूरी की मिसाइलों से जवाबी कार्रवाई कर सकता है। दरअसल, भले ही जिनेवा में बातचीत जारी है। लेकिन दोनों पक्षों के बीच अविश्वास की खाई गहरी है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ईरान अभी भी वाशिंगटन की रेड लाइन्स को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। दूसरी ओर ईरान ने भी अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन शुरू किया है। आशीष/ईएमएस 20 फरवरी 2026