ट्रेंडिंग
20-Feb-2026
...


-भारत मंडपम में एआई समिट के दौरान हंगामा नई दिल्ली,(ईएमएस)। राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कथित ट्रेड डील के विरोध में टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। दिल्ली पुलिस ने मामले पर संज्ञान लिया है कहा, कि घटना की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं भाजपा नेताओं ने इस प्रदर्शन को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि धूमिल करने वाला बताया है। यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि जब भारत वैश्विक स्तर पर टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अपनी नेतृत्व क्षमता दिखा रहा है, तब कांग्रेस ने गरिमा के बजाय व्यवधान को चुना है। उन्होंने इसे ‘नेशनल शेम’ बताते हुए आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन देश की छवि को अंतरराष्ट्रीय मंच पर धूमिल करने का प्रयास है। कांग्रेस का घमंड और हताशा: पीयूष गोयल केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह विरोध नहीं, बल्कि कांग्रेस का घमंड और हताशा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेड डील को लेकर भ्रम फैलाने के साथ-साथ इस तरह का प्रदर्शन भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी इस घटना की आलोचना करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि खराब करना उचित नहीं है। दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भी प्रदर्शन को शर्मनाक करार दिया। प्रदर्शन के बाद राजनीति गरमाई फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। जहां एक ओर कांग्रेस समर्थक इसे लोकतांत्रिक विरोध बता रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ बीजेपी इसे सुनियोजित रूप से भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश बता रही है। एआई समिट के बीच हुआ यह विवाद अब राष्ट्रीय राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। हिदायत/ईएमएस 20फरवरी26