राष्ट्रीय
20-Feb-2026


-पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ तक तीन डिब्बों की मेट्रो को नहीं मिल रहे यात्री नई दिल्ली,(ईएमएस)। बिहार के पटना में मेट्रो का परिचालन पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ तक हो रहा है। 6 अक्टूबर 2025 को यह मेट्रो शुरु हुई थी। अभी तीन डिब्बों वाली मेट्रो चल रही है। बुधवार को मेट्रो में महज 13 यात्री ही सफर कर रहे थे। 10 मिनट में आईएसबीटी स्टेशन पहुंची। वहीं, आईएसबीटी से 16 यात्री भूतनाथ आए। एक बोगी में ही सभी यात्री बैठे। दो बोगियां खाली रहीं। प्रति यात्री किराया 15 रुपए है। इस हिसाब से भूतनाथ जाने का 13 यात्रियों का किराया 195 रुपए हुआ, जबकि आईएसबीटी से लौटने के दौरान 16 यात्रियों से 240 रुपए किराया लिया गया। मीडिया रिपोर्ट में मेट्रो प्रशासन के मुताबिक शुरुआत में रोज 8-9 हजार यात्री सफर करते थे। अभी रोज औसतन 900 यात्री सफर कर रहे हैं। मेट्रो ट्रेन के परिचालन और रखरखाव पर रोज का खर्च 18.66 लाख है, जबकि औसतन 900 यात्रियों के हिसाब से आमदनी महज 13,500 रुपए की हो रही है। उन्होंने बताया कि मार्च 2028 तक दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को परिचालन का जिम्मा दिया गया है। वह 32 माह के परिचालन और रखरखाव पर खर्च 179.37 करोड़ पटना मेट्रो से लेगी। मेट्रो का परिचालन सुबह 8 से रात 8 बजे तक होता है। प्रतिदिन 24 फेरा चलती है। अगले माह से भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक 2.75 किमी में मेट्रो शुरु की जाएगी। कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी की टीम 25 फरवरी को आएगी। इस टीम की हरी झंडी के बाद उद‌्घाटन की तारीख तय की जाएगी। इस बीच बुधवार को भूतनाथ से मलाही पकड़ी स्टेशन के बीच अग्निशमन सेवा निदेशक और उनकी टीम ने अग्नि सुरक्षा की जांच की। रिपोर् के मुताबिक दूसरे चरण में खेमनीचक से मीठापुर के बीच मेट्रो चलाई जाएगी। इसमें खेमनीचक, जगनपुरा, रामकृष्णानगर, मीठापुर स्टेशन शामिल हैं। इस एलिवेटेड रूट में बिजली का खंभा लगाने का काम शुरू किया गया है। मेट्रो अधिकारियों ने बातया कि जल्द की ट्रैक बिछाने का काम शुरू होगा। अगले छह महीने में तैयारी पूरा करने का लक्ष्य है। शहर में पश्चिम से पूरब तक 31.9 किमी में मेट्रो लाइन का निर्माण होना है। इस पर 13,365 करोड़ की राशि खर्च हो रही है। एक से दूसरे सार्वजनिक स्थल तक मेट्रो चलने के बाद ही यात्रियों की संख्या बढ़ेगी। अभी मेट्रो का परिचालन पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ तक हो रहा है। सिराज/ईएमएस 20 फरवरी 2026